Crime News : गुरुग्राम में हाई-टेक नशे का पर्दाफाश, ड्रग्स के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
पुलिस दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करेगी और उनसे पूछताछ कर उनके नेटवर्क में शामिल अन्य तस्करों तक पहुंचने का प्रयास करेगी।

Crime News : हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) ने गुरुग्राम में नशे के खिलाफ अपनी मुहिम में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। ब्यूरो की गुरुग्राम यूनिट ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने इनके कब्जे से 10.72 ग्राम सिंथेटिक ड्रग एमडीएमए (MDMA) बरामद की है। यह गिरफ्तारी शहर के अपना एनक्लेव, सेक्टर 5 के पास की गई।
ब्यूरो प्रमुख ओ.पी. सिंह के दिशा-निर्देशों पर चलाए गए इस ऑपरेशन का नेतृत्व एसपी सुरेंद्र सिंह भोरिया और डीएसपी पंकज कुमार ने किया। टीम को मुखबिर से जानकारी मिली थी कि कुछ लोग अपना एनक्लेव के पास मादक पदार्थों का कारोबार कर रहे हैं।
टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दो संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से महंगी सिंथेटिक ड्रग एमडीएमए बरामद हुई।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान दिल्ली के न्यू पालम बिहार निवासी विशाल और गुरुग्राम के सेक्टर 9ए निवासी प्रिंस के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ सेक्टर 5 थाने में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करेगी और उनसे पूछताछ कर उनके नेटवर्क में शामिल अन्य तस्करों तक पहुंचने का प्रयास करेगी।
पुलिस ने नशे के खिलाफ इस लड़ाई में जनता से सहयोग की अपील की है। पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि नशे के कारोबार से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए लोग टोल फ्री नंबर 1933, ऑनलाइन शिकायत पोर्टल NCBMANAS.GOV.IN, या हेल्पलाइन नंबर 90508-91508 पर संपर्क कर सकते हैं। सूचना देने वाले का नाम और पता पूरी तरह से गोपनीय रखा जाएगा।