CET परीक्षा: गुरुग्राम पुलिस बनी संकटमोचक,117 परीक्षार्थियों को समय पर पहुंचाया केंद्र
गुरुग्राम पुलिस ने अपनी ड्यूटी को केवल सुरक्षा तक ही सीमित नहीं रखा, बल्कि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने में भी सक्रिय सहयोग दिया। जो परीक्षार्थी किसी भी कारण से लेट/देरी हो गए थे, या गलती से गलत परीक्षा केंद्र पर पहुंच गए थे

CET परीक्षा: हरियाणा में चल रही कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) परीक्षा के दौरान गुरुग्राम पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ परीक्षार्थियों की मदद का भी बेहतरीन उदाहरण पेश किया। आज, 26 जुलाई को, सुबह और दोपहर की दोनों पालियों में गुरुग्राम पुलिस ने कुल 117 परीक्षार्थियों को समय पर उनके परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने में मदद की, जिनमें दो बसों में सवार करीब 103 छात्र भी शामिल थे।
26 और 27 जुलाई को पूरे हरियाणा में CET परीक्षा का आयोजन हो रहा है। इसके लिए गुरुग्राम के विभिन्न स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, जहां प्रदेशभर से हज़ारों छात्र परीक्षा देने पहुंचे हैं और कल भी आएंगे।
प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने इस परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। गुरुग्राम पुलिस द्वारा सभी पुलिस नाकों, चौराहों और परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही, यातायात के सुचारु संचालन के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी लगाया गया है।
गुरुग्राम पुलिस ने अपनी ड्यूटी को केवल सुरक्षा तक ही सीमित नहीं रखा, बल्कि परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने में भी सक्रिय सहयोग दिया। जो परीक्षार्थी किसी भी कारण से लेट/देरी हो गए थे, या गलती से गलत परीक्षा केंद्र पर पहुंच गए थे, या फिर अपना केंद्र ढूंढने में असमर्थ थे, उन सभी को गुरुग्राम पुलिस ने समय पर उनके निर्धारित परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया।

आज सुबह और दोपहर की दोनों पालियों में, गुरुग्राम पुलिस को दो बसों (एक बस खराब हो गई थी और दूसरी को परीक्षा केंद्र नहीं मिल रहा था) में सवार करीब 103 परीक्षार्थी मिले। इन 103 परीक्षार्थियों सहित विभिन्न स्थानों से कुल 117 (103+14) परीक्षार्थी ऐसे मिले जो किसी भी कारण से लेट/देरी हो गए थे, गलत परीक्षा केंद्र पर पहुंच गए थे या परीक्षा केंद्र नहीं ढूंढ पाए थे। गुरुग्राम पुलिस ने इन सभी 117 परीक्षार्थियों को तुरंत सहायता उपलब्ध कराई और उन्हें समय पर उनके परीक्षा केंद्र तक पहुंचाया।
गुरुग्राम पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ सहायता और सहयोग की इस अनूठी पहल की परीक्षार्थियों ने दिल खोलकर प्रशंसा की। छात्रों ने गुरुग्राम पुलिस द्वारा मिली मदद पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए उनकी भूरी-भूरी प्रशंसा की। गुरुग्राम पुलिस ने परीक्षार्थियों की इस प्रशंसा भरी प्रतिक्रिया को अपनी ड्यूटी समझकर सहजता से स्वीकार किया और उनके अच्छे व उज्ज्वल भविष्य के लिए उन्हें शुभकामनाएं भी दीं।











