एक्शन में कैबिनेट मिनिस्टर राव नरबीर सिंह, सुबह सुबह अधिकारियों को लगाई फटकार
राव नरबीर सिंह ने दोहराया कि सरकार की प्राथमिकता गुरुग्राम को स्वच्छ, सुंदर और जाम-मुक्त शहर बनाना है। इस निरीक्षण से स्थानीय निवासियों में इन क्षेत्रों में स्वच्छता और जल प्रबंधन की स्थिति में जल्द सुधार की उम्मीद जगी है।

Gurugram News Network – हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य, पर्यावरण, वन एवं वन्य जीव मंत्री राव नरबीर सिंह ने आज सुबह धनकोट और कालियावास का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) चैनलों का निरीक्षण किया और सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ मौजूदा जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया।
जल प्रबंधन और स्वच्छता पर जोर
मंत्री ने धनकोट, कालियावास, बाढसा एम्स, ड्रेन नंबर 8, मुंडाखेड़ा पंप हाउस, याकूबपुर और MET से गुजरने वाले STP चैनलों की स्थिति का मूल्यांकन किया। उन्होंने सभी STP की कार्यप्रणाली की जांच के आदेश दिए, साथ ही अधिकारियों को सीवेज प्रबंधन और जल निकासी व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। राव नरबीर सिंह ने खुले में सीवेज के गंदे पानी को डालने पर सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया।
इंफ्रास्ट्रक्चर और फील्ड वर्क पर फोकस
राव नरबीर सिंह ने अधिकारियों से कहा कि गुरुग्राम को देश के शीर्ष 10 शहरों में शामिल करने के लिए स्वच्छता और बुनियादी ढांचे पर विशेष ध्यान देना होगा। उन्होंने जिले में अतिक्रमण और पॉलिथीन के उपयोग पर रोक लगाने पर भी जोर दिया। सिंचाई विभाग के अधिकारियों को फील्ड में अधिक समय बिताने के निर्देश दिए गए, ताकि स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके। मंत्री ने इस दौरे के दौरान क्षेत्र में चल रही विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा भी की और अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के लिए कहा।
राव नरबीर सिंह ने दोहराया कि सरकार की प्राथमिकता गुरुग्राम को स्वच्छ, सुंदर और जाम-मुक्त शहर बनाना है। इस निरीक्षण से स्थानीय निवासियों में इन क्षेत्रों में स्वच्छता और जल प्रबंधन की स्थिति में जल्द सुधार की उम्मीद जगी है।