Bureaucracy Zindabad : अब तक फोड़ रहे थे कुल्हड़ी में गुड़, अब जलभराव की समस्या का होगा स्थायी समाधान

गुरुग्राम की जनता सालों से झेल रही 'वाटरलॉगिंग' का दंश; सैकड़ों करोड़ बहाने के बाद अब जागी प्रशासन की नींद, IIT गांधीनगर के एक्सपर्ट्स तैयार करेंगे एक्शन प्लान

Bureaucracy Zindabad/गुरुग्राम (साइबर सिटी)
हर साल मानसून आता है और साइबर सिटी गुरुग्राम की सड़कें नदियों में तब्दील हो जाती हैं। हर बार जलभराव के बाद लंबे-चौड़े दावे किए जाते हैं, सैकड़ों करोड़ रुपये नालों और ड्रेनेज सिस्टम की सफाई के नाम पर कागजों में ‘बहा’ दिए जाते हैं। सवाल यह उठता है कि क्या अब तक सिर्फ मजाक चल रहा था? क्या जनता के टैक्स के गाढ़े पसीने का पैसा यूं ही व्यर्थ गंवाया जा रहा था? सालों तक कुल्हड़ी में गुड़ फोड़ने (अधकचरे और कामचलाऊ इंतजाम करने) के बाद अब जाकर प्रशासन को ‘स्थायी समाधान’ की याद आई है।

Bureaucracy Zindabad :
हाल ही में हुई करीब 75 एमएम की बारिश ने एक बार फिर नगर निगम और जीएमडीए (GMDA) के दावों की पोल खोलकर रख दी। सुभाष चौक पर कई फुट पानी भर गया, जहां 9 स्कूल बसों समेत 15 से ज्यादा वाहन बंद हो गए और बच्चों को सुरक्षित निकालने में पसीने छूट गए। हैरान करने वाली बात यह है कि जीएमडीए के मुताबिक सुभाष चौक के ड्रेन की सफाई पहले ही हो चुकी थी। इसके बावजूद शहर डूब गया, जो यह साफ बताता है कि अब तक का ड्रेनेज मैनेजमेंट कितना खोखला था।


अब IIT गांधीनगर के कंधे पर जिम्मेदारी : 
Bureaucracy Zindabad
बारिश में शहर के डूबने और फजीहत होने के बाद अब प्रशासन ने आईआईटी गांधीनगर के विशेषज्ञों का सहारा लिया है। प्रो. उदित भाटिया और प्रो. विवेक कपाड़िया की टीम बुधवार से जीएमडीए व नगर निगम के अधिकारियों के साथ शहर के सबसे संवेदनशील इलाकों का सर्वे शुरू करेगी।


सर्वे और एक्शन प्लान के मुख्य बिंदु : Bureaucracy Zindabad

  • संवेदनशील इलाकों की जांच: टीम सुभाष चौक, राजीव चौक, मेदांता अंडरपास और शीतला माता रोड का जमीनी अध्ययन करेगी।

  • पानी के बहाव की पहचान: यह देखा जाएगा कि बख्तावर चौक, सेक्टर 38, सेक्टर 47 और आसपास की सोसायटियों से पानी किस रफ्तार और दिशा से सुभाष चौक की ओर आता है।

  • अंदरूनी जांच: ड्रेन के अंदरूनी हिस्सों की कैमरों से जांच की जाएगी और सोसायटियों के रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम को भी परखा जाएगा।

  • लेग-2 ड्रेन का चौड़ीकरण: शीतला माता रोड पर जलभराव रोकने के लिए लेग-2 ड्रेन को चौड़ा करने और नए ड्रेनेज ढांचे के निर्माण पर विचार होगा।


Bureaucracy Zindabad :
नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया के अनुसार, विशेषज्ञों की स्टडी के बाद एक ठोस एक्शन प्लान तैयार किया जाएगा, ताकि जलभराव का स्थायी इलाज हो सके।


जनता का सीधा सवाल : Bureaucracy Zindabad

स्मार्ट सिटी का टैग पहने गुरुग्राम की जनता अब यही पूछ रही है कि अगर हर बार बारिश के बाद ही ‘एक्शन प्लान’ और ‘स्टडी’ का ख्याल आना है, तो पिछले सालों में ड्रेनेज और सीवर सुधार के नाम पर खर्च किए गए सैकड़ों करोड़ रुपये किसकी जेब में गए? क्या अब वाकई कोई पक्का इलाज निकलेगा या यह भी कागजी खानापूर्ति बनकर रह जाएगा?

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button
Created with ❤