गुरुग्राम में अतिक्रमण पर चला Bulldozer, 111 मकानों और 2 मार्केट से हटाए अवैध कब्जे

Bulldozer : गुरुग्राम में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग की जिला नगर योजना इंफोर्समेंट अमित मधोलिया ने मंगलवार को अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान जारी रखा। डीटीपीई अमित माधोलिया के नेतृत्व में टीम ने साउथ सिटी-2 के क्यू-1 ब्लॉक स्थित ईडब्ल्यूएस क्षेत्र में मकानों के बाहर सड़क की जमीन पर किए गए अतिक्रमण हटाए। इसके अलावा सेक्टर-49 स्थित यूनिटेक रोडियो ड्राइव और यूनिटेक आर्केडिया मार्केट में भी अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई की गई। दोनों मार्केट के कॉमन एरिया, कॉरिडोर और दुकानों के सामने किए गए कब्जों पर विभाग का पीला पंजा चला।
ईडब्ल्यूएस ब्लॉक में 111 मकानों के बाहर से अतिक्रमण हटाए
साउथ सिटी-2 के क्यू-1 ब्लॉक में आंतरिक सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए चलाए गए अभियान के दौरान 111 मकानों के आगे से अतिक्रमण हटाए गए। इनमें 9 और 10 मीटर चौड़ी सड़कों के राइट ऑफ वे (आरओडब्ल्यू) पर किए गए कब्जे शामिल थे। मकानों के बाहर बनाई गई सीढ़ियां, रेहड़ियां, शेड, अस्थायी ढांचे और सड़क की जमीन पर निकाले गए प्रोजेक्शन हटाए गए। विभाग की टीम ने बुलडोजर की मदद से इन अतिक्रमणों को ध्वस्त किया।
विभाग की कार्रवाई का उद्देश्य आंतरिक सड़कों की निर्धारित चौड़ाई बहाल करना और सार्वजनिक रास्तों को अतिक्रमण मुक्त कराना है, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
सेक्टर-49 की यूनिटेक की दो मार्केट में भी चला बुलडोजर
मंगलवार देर शाम डीटीपीई की टीम ने सेक्टर-49 स्थित यूनिटेक रोडियो ड्राइव और यूनिटेक आर्केडिया मार्केट में अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया। दोनों मार्केट में दुकानों के सामने कॉमन एरिया, पैसेज और कॉरिडोर में बड़ी संख्या में अस्थायी स्टॉल और ढांचे बनाए गए थे। कार्रवाई के दौरान 80 से अधिक स्टॉल और अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए।
दोनों मार्केट में दुकानों के आगे और लोगों के पैदल चलने के लिए निर्धारित जगह पर अतिक्रमण पसरा हुआ था। कई स्थानों पर कॉमन एरिया और पैसेज तक घिरे होने के कारण लोगों को पैदल निकलने में भी परेशानी हो रही थी। इन मार्केट में अतिक्रमण को लेकर विभाग के पास कई जगह से शिकायतें भी पहुंच रही थीं।
कॉमन एरिया और रास्ते खाली कराने पर जोर
टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग की इंफोर्समेंट टीम ने दोनों मार्केट में दुकानों के सामने किए गए अस्थायी निर्माण और कब्जों को हटाकर रास्ते खाली कराने की कार्रवाई की। विभाग का जोर है कि मार्केट में कॉमन एरिया, कॉरिडोर और पैदल आवागमन के लिए निर्धारित स्थान पर किसी प्रकार का कब्जा नहीं होना चाहिए।
डीटीपीई अमित मधोलिया ने कहा कि लाइसेंस प्राप्त कॉलोनियों में सड़कों, कॉमन एरिया और पैदल आवागमन के रास्तों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साउथ सिटी-2 के ईडब्ल्यूएस ब्लॉक और सेक्टर-49 की दोनों मार्केट में इसी दिशा में कार्रवाई की गई है। दुकानों के सामने कॉरिडोर, पैसेज और कॉमन एरिया में किए गए कब्जों को हटाया गया है। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
