Bulldozer Action : पटौदी में 3 अवैध कॉलोनियां जमींदोज, पॉश इलाकों में सील हुए अवैध दफ्तर और फ्लोर
अवैध कॉलोनियों में निवेश करना जोखिम भरा है। लोग प्लॉट खरीदने से पहले विभाग से एनओसी (NOC) की जांच जरूर करें।

Bulldozer Action : अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ डीटीपी ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। पटौदी के अंतर्गत आने वाले शहरी इलाकों में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुधवार को एक बड़ा तोड़फोड़ अभियान चलाया गया। इस दौरान करोड़ों की जमीन पर पनप रही तीन अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया गया।
प्रशासनिक टीम ने पटौदी के अलग-अलग गांवों में करीब 10.5 एकड़ जमीन को भू-माफियाओं के चंगुल से मुक्त कराया। नरहेड़ा गांव में 4 एकड़ में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई हुई। टीम ने 15 डीपीसी (DPC)/प्लाटों की बाउंड्री और कच्चे रास्तों के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया। यहां 2.5 एकड़ में काटी जा रही कॉलोनी में 5 बाउंड्री वॉल और सड़कों के जाल को मिट्टी में मिला दिया गया।
जटौली गांव में 4 एकड़ में फैली इस अवैध कॉलोनी में 5 डीपीसी और एक निर्माणाधीन ढांचे को ढहा दिया गया। साथ ही, दो अवैध रूप से बने घरों के हिस्सों को भी आंशिक रूप से तोड़ दिया गया।
तोड़फोड़ अभियान के साथ-साथ प्रशासन ने मुख्यमंत्री (CM) विंडो पर प्राप्त शिकायतों का भी मौके पर निपटारा किया। पालम विहार में एनके टाउन प्लाजा (Enkay Town Plaza) में नियमों के विरुद्ध बनाए गए एक अवैध फ्लोर को टीम ने सील कर दिया। सेक्टर 109 में ब्रिस्क लुंबिनी (Brisk Lumbini) ग्रुप हाउसिंग सोसाइटी के क्लब में अवैध रूप से चल रहे एक दफ्तर पर भी प्रशासन का ताला लटका दिया गया।
अवैध कॉलोनियों में निवेश करना जोखिम भरा है। लोग प्लॉट खरीदने से पहले विभाग से एनओसी (NOC) की जांच जरूर करें। भविष्य में भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे और अवैध निर्माण करने वालों पर एफआईआर (FIR) भी दर्ज कराई जाएगी।









