Breaking News : दोस्त की छाती पर पिस्तौल तान कर मांगी 10 लाख की रंगदारी, पत्नी ने दिखाई बहादुरी, मौके से फुर्र हुआ दोस्त

Breaking News : गुरुग्राम से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है जहां एक दोस्त ने अपने ही दोस्त से 10 लाख रुपए की रंगदारी मांग डाली और इतना ही नहीं जब दोस्त ने रंगदारी के 10 लाख रुपए नहीं दिए तो आरोपी दोस्त अपने दोस्त के घर में देसी कट्टा लेकर घुस गया और अपने ही दोस्त की छाती पर देसी कट्टा लगाकर फायर कर दिया । गनीमत रही कि देसी कट्टे से चली गोली किसी को लगी । आरोपी के साथ देसी कट्टे को छीनने के दौरान महिला के हाथ में चोट लग गई । पुलिस ने आरोपी दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है ।
पीडित दोस्त की पत्नी ने बहादुरी दिखाते हुए आरोपी का डटकर सामना किया जिसकी वजह से उसके पति की जिंदगी बच गई । महिला के सामने आरोपी की एक ना चली और पिस्तौल से किया गया फायर मिस हो गया जिससे एक बड़ी वारदात होने से बच गई ।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दोस्त मौके से फरार तो हो गया लेकिन अपने साथ लाया देसी कट्टा और एक कारतूस मौके पर ही छोड़ गया । अब पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जिस पर पहले ही कई आपराधिक मुकद्दमें दर्ज हैं ।
दरअसल 25 जून को पुलिस चौकी निमोठ, थाना सदर सोहना, गुरुग्राम को सूचना प्राप्त हुई कि गांव निमोठ में एक व्यक्ति द्वारा देसी कट्टा दिखाकर फायर करने का प्रयास किया गया है । सूचना प्राप्त होने पर पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची । पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल से वारदात में प्रयोग 01 देसी कट्टा व 01 कारतूस कब्जा पुलिस में लिया गया । इसी दौरान सरकारी अस्पताल घैघोला से एक घायल महिला के संबंध में सूचना प्राप्त हुई । पुलिस टीम अस्पताल पहुंची तथा घायल महिला की MLR प्राप्त की ।
महिला ने पुलिस में शिकायत के माध्यम से बताया कि दिनांक 25 तारीख को वह अपने पति व परिवार के अन्य सदस्यों के साथ घर पर मौजूद थी । इसी दौरान गांव निमोठ निवासी नरेंद्र उनके घर आया तथा उसके पति पर जान से मारने की नीयत से देसी कट्टा तानकर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी ।
आरोपी ने उसके पति की छाती पर देसी कट्टा लगाकर फायर करने का प्रयास किया, लेकिन फायर मिस हो गया । इसके बाद शिकायतकर्ता ने आरोपी से कट्टा छीनने का प्रयास किया, जिससे उसके हाथ में चोट लग गई । आरोपी मौके पर देसी कट्टा छोड़कर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया ।
शिकायत मिलने के बाद गुरुग्राम के सोहना सदर पुलिस थाने में आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं के तहत आरोपी नरेंद्र के खिलाफ केस दर्ज किया गया । केस दर्ज होने के अगले ही दिन क्राइम ब्रांच सोहना की टीम ने आरोपी नरेन्द्र को गांव निमोठ स्थित मंदिर रोड के पास से गिरफ्तार किया । आरोपी की पहचान नरेंद्र निवासी गांव निमोठ, जिला गुरुग्राम (हरियाणा) के रूप में हुई।
गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी से पुलिस पूछताछ में ज्ञात हुआ कि नरेन्द्र एक आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है तथा अपने पास अवैध हथियार रखता था । आरोपी ने पूछताछ में बताया कि घटना वाले दिन वह शिकायतकर्ता के घर पहुंचा और 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगते हुए देसी कट्टे से जान से मारने की नीयत से फायर करने का प्रयास किया, लेकिन फायर मिस हो गया। आरोपी ने पूछताछ में अपने एक अन्य साथी सरफराज निवासी गांव सटलाका, जिला गुरुग्राम (हरियाणा) का नाम भी बताया है, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी नरेन्द्र पर पहले से कई आपराधिक केस दर्ज हैं । नरेन्द्र पर हत्या का 01 केस, आवश्यक वस्तु अधिनियम का 01 केस तथा मारपीट का 01 केस सहित कुल 03 अभियोग जिला गुरुग्राम (हरियाणा), फरीदाबाद (हरियाणा) व नूंह (हरियाणा) में पहले भी दर्ज हैं।
पुलिस टीम द्वारा आरोपी को माननीय अदालत में पेश करके पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि अभियोग में गहनता से पूछताछ की जा सके, अन्य आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके तथा मामले में नियमानुसार आगामी कार्यवाही की जा सके। अभियोग का अनुसंधान जारी है।