BOMB Threat : गर्लफ्रेंड का इंटरव्यू कैंसिल कराने के लिए कंपनी में भेज दी बम की सूचना, लंदन से पढा लीगल एक्सपर्ट गिरफ्तार

अनिकेत का अपनी गर्लफ्रेंड के साथ विवाद चल रहा था। उसे पता चला कि उसकी गर्लफ्रेंड 24 फरवरी को DLF होराइजन सेंटर स्थित एक कंपनी में इंटरव्यू देने जा रही है।

BOMB Threat : गुरुग्राम के पॉश इलाके DLF होराइजन सेंटर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब द कॉर्पोरेट एज कंपनी को एक ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें बिल्डिंग में बम होने की बात कही गई थी, लेकिन जब गुरुग्राम पुलिस ने इस मामले की तहकीकात की, तो सच्चाई किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं निकली ।

24 फरवरी 2025 को सुबह करीब 9:15 बजे एक ई-मेल ने पूरी बिल्डिंग और पुलिस प्रशासन के होश उड़ा दिए । सूचना मिलते ही सुशांत लोक थाना पुलिस, डॉग स्क्वॉड, फायर ब्रिगेड और HDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं। घंटों की सघन तलाशी के बाद जब कुछ नहीं मिला, तब पुलिस को अंदेशा हुआ कि यह किसी की शरारत या गहरी साजिश है।

आरोपी ने लंदन से की पढाई

साइबर सेल और सुशांत लोक पुलिस की सक्रियता से महज 24 घंटे के भीतर आरोपी अनिकेत पॉल (29 वर्ष) को सेक्टर-31, गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी मूल रूप से कोलकाता का रहने वाला है और उसने लंदन से LLM (Master of Laws) की पढ़ाई की है। वर्तमान में वह गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में कानूनी सलाहकार (Legal Expert) के रूप में कार्यरत है।

गर्लफ्रेंड को डराने के लिए भेजी ई-मेल

पुलिस पूछताछ में अनिकेत ने जो वजह बताई, उसे सुनकर अधिकारी भी हैरान रह गए। अनिकेत का अपनी गर्लफ्रेंड के साथ विवाद चल रहा था। उसे पता चला कि उसकी गर्लफ्रेंड 24 फरवरी को DLF होराइजन सेंटर स्थित एक कंपनी में इंटरव्यू देने जा रही है। अपनी गर्लफ्रेंड को इंटरव्यू देने से रोकने और उसे परेशान करने के लिए अनिकेत ने बिल्डिंग की ईमेल आईडी खोजी और बम होने की झूठी सूचना भेज दी, ताकि वहां अफरा-तफरी मच जाए और इंटरव्यू रद्द हो जाए।

गुरुग्राम पुलिस के एसीपी डीएलएफ विकास कौशिक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस ने आम जनता को आगाह किया है कि इस तरह की झूठी सूचनाएं फैलाना एक दंडनीय अपराध है, जिससे न केवल जनता में भय पैदा होता है बल्कि सरकारी संसाधनों का भी भारी नुकसान होता है ।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button