विवादों में घिरे रहने वाले Bobby Kataria को जीते-जी दी श्रद्धांजलि, मौत की अफवाह पर बोले- ‘जिंदा हूँ साहब’
इन्फ्लुएंसर का पुराना इंस्टाग्राम अकाउंट हैक कर 12 फर्जी वीडियो पोस्ट; भारी भ्रम के बाद कटारिया ने नया वीडियो जारी कर दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

Bobby Kataria/गुरुग्राम
सोशल मीडिया पर अपने कारनामों और हरकतों को लेकर विवादों में घिरे रहने वाले बॉबी कटारिया (Bobby Kataria) एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार उनके आधिकारिक पुराने इंस्टाग्राम अकाउंट से उनके निधन का दावा करने वाली एक फर्जी पोस्ट शेयर कर दी गई। खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर सनसनी फैल गई और उनके प्रशंसकों ने कमेंट सेक्शन में “रेस्ट इन पीस” (RIP) लिखकर उन्हें श्रद्धांजलि देना शुरू कर दिया। यहाँ तक कि उनके परिवार और रिश्तेदारों के पास भी लगातार फोन आने लगे।
‘अकाउंट हैक हुआ, अफवाहों पर ध्यान न दें’ : Bobby Kataria

मामला बढ़ता देख खुद बॉबी कटारिया (Bobby Kataria) को सामने आना पड़ा। उन्होंने अपने नए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से एक वीडियो मैसेज जारी कर इस अफवाह का पूरी तरह खंडन किया। कटारिया ने कहा, “मैं जिंदा हूँ साहब, अफवाहों पर ध्यान न दें।”
Bobby Kataria ने बताया कि जिस पुराने इंस्टाग्राम अकाउंट से यह झूठी पोस्ट की गई थी, उसे कोई अन्य व्यक्ति हैंडल कर रहा था और वह आईडी हैक हो चुकी है। हैकर्स ने प्रशंसकों के बीच भ्रम और डर का माहौल पैदा करने के लिए यह हरकत की है।
हैकर्स ने लगातार डालीं 12 पोस्ट, 23 लाख लोगों ने देखा
हैकर्स ने पुरानी आईडी से कटारिया (Bobby Kataria) के निधन का दावा करते हुए एक के बाद एक लगातार 12 वीडियो पोस्ट किए। इनमें उनकी जिम की तस्वीरों और पुराने वीडियो पर ‘Miss You Bhai’ और ‘RIP’ लिखा गया था। एक जिम वाली पोस्ट को करीब 23 लाख (2.3 Million) से अधिक लोग देख चुके हैं। इस आईडी के करीब 32,700 फॉलोअर्स हैं।
हैकर्स को चेतावनी, कानूनी कार्रवाई की तैयारी
इस घटना के बाद बॉबी कटारिया (Bobby Kataria) और उनकी टीम एक्शन मोड में आ गई है। कटारिया ने बताया कि उनकी टेक्निकल टीम हैक किए गए अकाउंट को रिकवर करने का प्रयास कर रही है। साथ ही उन्होंने हैकर्स को फर्जी पोस्ट तुरंत हटाने की चेतावनी देते हुए कहा है कि ऐसा न करने पर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई (Legal Action) की जाएगी।
पुराने विवादों से रहा है गहरा नाता : Bobby Kataria
हमेशा विवादों में घिरे रहने वाले बॉबी कटारिया का विवादों से पुराना नाता रहा है। इससे पहले वर्ष 2022 में विमान के अंदर सिगरेट पीने और उत्तराखंड में बीच सड़क पर बैठकर शराब पीने का वीडियो वायरल होने के बाद उनके खिलाफ कई संगीन धाराओं में मामले दर्ज हो चुके हैं।

