Black Thar : गुरुग्राम में फिर हुआ ‘थार कांड’ चलती गाड़ी से लहराईं तलवारें, दो गिरफ्तार

Black Thar : गुरुग्राम में एक बार फिर से थार गाड़ी सुर्खियों में हैं । शुक्रवार को गुरुग्राम में एक और थार कांड हो गया हालांकि गुरुग्राम पुलिस की मुस्तैदी की वजह से आरोपी थार कार सवार दो युवक गिरफ्तार कर लिए गए लेकिन सवाल एक बार फिर से खड़े हो गए हैं कि पूर्व डीजीपी ओपी सिंह ने जो कहा था क्या वो सच है कि “थार कार चलाने वालों का दिमाग घूमा हुआ होता है” ।

बिना नंबर की थार से तलवार बाज़ी

दरअसल शुक्रवार को गुरुग्राम पुलिस कंट्रोल रुम को सूचना मिली कि सेक्टर 10ए इलाके में एक काले रंग की बिना नंबर की थार घूम रही है जिसमें सवार दो युवक चलती थार कार से तलवारें लहराते हुए चल रहे हैं । जिस सूचना पर गुरुग्राम पुलिस के सेक्टर 10ए थाने के एएसआई देवेन्द्र ने तुरंत हिमगिरी चौक इलाके में नाकाबंदी कर दी ।

नाकाबंदी के दौरान पुलिस को एक काले रंग की थार गाड़ी बसई चौक की तरफ से आती हुई दिखाई दी । जब पुलिस ने काली थार को रुकने का इशारा किया तो कार चालकों ने भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने तुरंत ही दोनों कार सवारों को धर दबोचा । जब पुलिस टीम ने गाड़ी की तलाशी ली तो कार के अंदर से तलवारें बरामद हुई ।

कार से मिली 4 तलवारें, एक खुखरी

गुरुग्राम पुलिस की टीम ने जब काली थार की तलाशी ली तो उसके अंदर से 2 फीट 10 इंच की चार तलवारें और एक 7 इंच लंबी खुखरी बरामद हुई । जब पुलिस ने दोनों कार सवारों इन हथियारों के लाइसेंस मांगे तो ना उनके पास कोई लाइसेंस मिला और ना ही को अनुमति पत्र पेश कर पाए ।

इस आधार पर गुरुग्राम पुलिस ने अवैध हथियार रखने के जुर्म में दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया ।

एक आरोपी मर्चेंट नेवी में तो दूसरा नशेड़ी

दोनों गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सेक्टर 10ए निवासी तरुण यादव और तुषार शर्मा के रुप में हुई है । पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जहां से दोनों को भोंडसी जेल भेज दिया है । पुलिस ने आरोपियों की काली थार भी जब्त कर ली है । सेक्टर 10ए एसएचओ कुलदीप कुमार ने बताया कि गिरफ्तार किया गया एक आरोपी कुछ दिन पहले ही नशा मुक्ति केन्द्र से आया है जबकि दूसरा आरोपी मर्चेंट नेवी में काम करता है ।

होली पर रॉन्ग साइड थार ने बाइक सवार को उड़ाया

अभी चार दिन पहले ही सुशांत लोक इलाके में रॉन्ग साइड एक बिना नंबर की सफेद थार ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी थी जिसमें पेट्रोल पंप कर्मी की मौत हो गई थी । गुरुग्राम में थार कार चालक द्वारा ये कोई पहली आपराधिक घटना नहीं है बल्कि गुरुग्राम में थार कार चालकों द्वारा लगातार इस तरह की आपराधिक घटनाएं बढती ही जा रही हैं ।

ये भी पढें :- THAR Accident : गुरुग्राम की ‘क़ातिल’ थार, रॉन्ग साइड ड्राइविंग के शौक ने छीन ली ज़िंदगी

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button