Gurugram में बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़,4 गिरफ्तार, 9 चोरी की बाइक बरामद

गुरुग्राम पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी हरदीप सिंह पर पहले से ही चोरी के पांच मामले दर्ज हैं, जबकि वारिश खान पर दो और तालीम पर चोरी का एक मामला गुरुग्राम जिले में पहले से ही दर्ज है।

Gurugram News Network – गुरुग्राम पुलिस ने रात के समय संगठित होकर बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। अपराध शाखा सोहना की टीम ने इस संबंध में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर नौ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इन गिरफ्तारियों के साथ जिले में वाहन चोरी के नौ मामले भी सुलझ गए हैं।

यह कार्रवाई 12 अप्रैल, 2025 को सेक्टर-50 थाने में दर्ज एक शिकायत के बाद शुरू हुई थी, जिसमें 9 अप्रैल, 2025 को सेक्टर-49 से एक बाइक चोरी होने की सूचना दी गई थी। उप-निरीक्षक विनय कुमार के नेतृत्व में अपराध शाखा सोहना की पुलिस टीम ने गहन जांच करते हुए 11 जुलाई, 2025 को अंसल मोड सोहना, गुरुग्राम से चारों आरोपियों को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरदीप सिंह, वारिश खान, तालीम और सुखविंदर उर्फ सुखा के रूप में हुई है। ये सभी राजस्थान के डींग जिले के विभिन्न गांवों के निवासी हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे राजस्थान से एक गिरोह बनाकर गुरुग्राम आते थे और रात के समय सुनियोजित तरीके से बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी हरदीप सिंह पर पहले से ही चोरी के पांच मामले दर्ज हैं, जबकि वारिश खान पर दो और तालीम पर चोरी का एक मामला गुरुग्राम जिले में पहले से ही दर्ज है।

पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गईं कुल नौ बाइकें बरामद की हैं। सभी आरोपियों को 12 जुलाई, 2025 को माननीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button