BIG Breaking News : दिल्ली के वांटेड बदमाशों का गुरुग्राम में एनकाउंटर, मानेसर घाटी में आधी रात हुई मुठभेड़

BIG Breaking News : गुरुग्राम से एक बड़ी खबर आ रही है । बीती रात गुरुग्राम पुलिस और कुख्यात बदमाशों के बीच जमकर फायरिंग हुई है । पुलिस और बदमाशों के बीच हुए इस एनकाउंट में दो बदमाशों को पैर में गोली लगी है जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर अस्पताल भिजवा दिया है । दोनों ही आरोपियों पर दर्जनों आपराधिक मामले दर्ज हैं ।
मानेसर पहाड़ी में हुआ एनकाउंटर
गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि मानेसर इलाके में दो कुख्यात बदमाश घूम रहे हैं जिस सूचना पर गुरुग्राम पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम ने मानेसर घाटी में नाकेबंदी की । इतने में रात करीब ढाई बजे सड़क पर आते हुए दो बदमाशों को पुलिस की टीम ने रुकने का इशारा किया तो दोनों बदमाश पहाड़ी एरिया में भागने लगे और पुलिस पर फायरिंग करने लगे ।
पुलिस टीम ने भी अपने बचाव में फायरिंग की जिसमें दोनों बदमाशों को पैरों में गोली लगी और वो वहीं गिर गए जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया ।
दिल्ली के बदमाश, कई मामलों में वांटेड
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि दोनों बदमाशों की पहचान करण 24 साल और परवेश 21 साल के रुप में हुई है । दोनों ही बदमाश दिल्ली के रहने वाले हैं । पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों पर हत्या, हत्या के प्रयास, लूटपाट, मारपीट जैसे दर्जनो संगीन मामले दर्ज हैं । संदीप कुमार ने बताया कि दोनों आरोपी दिल्ली के कंझावला, मुंडका फायरिंग में वांटेड बदमाश हैं ।
बदमाशों ने जमकर की फायरिंग
जानकारी मिली है कि दोनों ही बदमाशों ने पुलिस टीम पर लगभग 10 राउंड फायरिंग की है जबकि पुलिस ने अपने बचाव में 4-5 राउंड फायरिंग की जिसमें दोनों ही बदमाशों को पैर में एक एक गोली लगी है । पुलिस ने दोनों बदमाशों के पास से हथियार भी बरामद किए हैं । जानकारी के मुताबिक बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग में कुछ गोलियां पुलिस की गाड़ी में भी लगी है ।
इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती
पुलिस जानकारी के मुताबिक दोनों ही आरोपियों को गुरुग्राम के सेक्टर 10 नागिरक अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है । पुलिस टीम दोनों ही आरोपियों के डिस्चार्ज होने के बाद उन्हें गिरफ्तार करेगी ।