Attack On Police : भाइयों का झगड़ा सुलझाने गई पुलिस टीम पर हथौड़े से हमला, SPO का सिर फोड़ा

रविवार देर रात पुलिस को स्नेह विहार में दो भाइयों के बीच झगड़े की सूचना मिली थी । इस पर एक इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल (ईआरवी) टीम मौके पर पहुंची

Attack On Police : गुरुग्राम में दो भाईयों के बीच हो रहे झगड़े की कॉल पर पहुंची पुलिस टीम पर एक शराबी ने हमला कर दिया । हमला भी हथौड़े से किया गया जिसमें एक SPO (Special Police Officer) के सिर में वार किया गया जिससे एसपीओ गंभीर रुप से घायल हो गया । घायल एसपीओ को अस्पताल में भर्ती कराया गया है । पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है हालांकि अभी तक आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है ।

दरअसल भोंडसी के स्नेह विहार इलाके में पारिवारिक झगड़े की सूचना पर पहुंचे एक स्पेशल पुलिस ऑफिसर (एसपीओ) पर एक युवक ने हथौड़े से जानलेवा हमला कर दिया । हमले में एसपीओ सुंदरलाल गंभीर रूप से घायल हो गए । आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया । पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन अब तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।

क्या है पूरा मामला?

रविवार देर रात पुलिस को स्नेह विहार में दो भाइयों के बीच झगड़े की सूचना मिली थी । इस पर एक इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल (ईआरवी) टीम मौके पर पहुंची । पुलिसकर्मी दोनों भाइयों से झगड़े की वजह जानने की कोशिश कर रहे थे, तभी आनंद मिश्रा नाम के व्यक्ति ने नशे की हालत में पुलिस टीम पर हमला कर दिया । उसने एसपीओ सुंदरलाल के सिर पर हथौड़े से वार कर दिया, जिससे वे घायल हो गए।

आरोपी फरार, पुलिस कर रही तलाश

हमले के बाद आरोपी आनंद मिश्रा मौके से फरार हो गया। घायल एसपीओ सुंदरलाल ने भोंडसी थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 110, 115, 121(1), 132, 221, और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया गया है । पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी । पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button