Attack On Police In Rajasthan : राजस्थान में गुरुग्राम पुलिस के सब-इंस्पेक्टर पर हमला, साइबर अपराधी फरार
गुरुग्राम साइबर थाना पश्चिम के सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार अपनी टीम के साथ सीकर के धींगपुर गांव में एक आरोपी पप्पू बाजिया को लेकर आए थे। इसी मुकदमे के एक अन्य फरार आरोपी दिनेश के होटल के पास होने की सूचना मिली।

Attack On Police In Rajasthan : गुरुग्राम की साइबर थाना पुलिस को राजस्थान के सीकर जिले में एक आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए बड़ा झटका लगा है। खाटूश्यामजी में गिरफ्तारी के दौरान न केवल हरियाणा पुलिस के साथ मारपीट हुई, बल्कि साइबर क्राइम का एक आरोपी भी पुलिस हिरासत से भाग निकला। इस घटना ने पुलिस की कार्रवाई पर सवालिया निशान लगा दिया है।
गुरुग्राम साइबर थाना पश्चिम के सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार अपनी टीम के साथ सीकर के धींगपुर गांव में एक आरोपी पप्पू बाजिया को लेकर आए थे। इसी मुकदमे के एक अन्य फरार आरोपी दिनेश के होटल के पास होने की सूचना मिली। जब पुलिस टीम होटल के पास पहुंची, तभी मौका पाकर आरोपी पप्पू बाजिया पुलिस की गाड़ी से फरार हो गया।
सब इंस्पेक्टर सुनील ने पप्पू बाजिया का पीछा किया। लगभग 100 मीटर तक पीछा करने के बाद, आरोपी ने अंधेरे का फायदा उठाकर सब इंस्पेक्टर के चेहरे पर जोरदार मुक्का मारा। इस हमले से सब इंस्पेक्टर वहीं गिर पड़े, और आरोपी पप्पू बाजिया भागने में कामयाब हो गया। पुलिस और स्थानीय लोगों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने खाटूश्यामजी सदर पुलिस थाने में आरोपी पप्पू बाजिया के खिलाफ राजकार्य में बाधा पहुंचाने और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। अब सीकर पुलिस इस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। इस घटना से साइबर अपराधियों के बढ़ते हौसले और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।