ACB की बड़ी कार्रवाई: नगर निगम का हेल्पर 40 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
शिकायतकर्ता ने एसीबी को दी शिकायत में बताया कि आरोपी उसके घर के निर्माण कार्य को न रुकवाने के बदले 50 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। बातचीत के बाद सौदा 40 हजार रुपये में तय हुआ।

ACB : हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) गुरुग्राम की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर निगम के एक हेल्पर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी हेल्पर शिकायतकर्ता से 40 हजार रुपये की रिश्वत ले रहा था।
एसीबी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान कपिल कुमार निवासी गांव पलड़ा, थाना बादशाहपुर, जिला गुरुग्राम के रूप में हुई है। वह नगर निगम गुरुग्राम में हेल्पर के पद पर कार्यरत था।
शिकायतकर्ता ने एसीबी को दी शिकायत में बताया कि आरोपी उसके घर के निर्माण कार्य को न रुकवाने के बदले 50 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा था। बातचीत के बाद सौदा 40 हजार रुपये में तय हुआ।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी गुरुग्राम की टीम ने योजना बनाकर ट्रैप लगाया। शिकायतकर्ता को तय रकम देकर आरोपी के पास भेजा गया। जैसे ही आरोपी ने 40 हजार रुपये की रिश्वत की रकम ली, टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे नगर निगम गुरुग्राम कार्यालय के बाहर रंगे हाथ पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 40 हजार रुपये की रिश्वत की राशि बरामद कर ली गई।
इस मामले में एसीबी गुरुग्राम थाना में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 तथा संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
एसीबी अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से साफ है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
यदि कोई सरकारी कर्मचारी या अधिकारी किसी काम के बदले रिश्वत मांगता है तो इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो हरियाणा की हेल्पलाइन 1064 या 1800-180-2022 पर की जा सकती है। शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।