दो हजार करोड़ रुपये बनेगी नई Gurugram नहर : 2028 तक पूरा होगा काम, पाइपलाइन सिस्टम से रुकेगी पानी चोरी

शुरुआत में नहर को कंक्रीट बॉक्स संरचना में बनाने का प्रस्ताव था, लेकिन बाद में राज्य सरकार के निर्देश पर बड़े पाइप बिछाने की योजना को अंतिम रूप दिया गया।

Gurugram : शहर की पेयजल आपूर्ति को मजबूत करने के लिए सोनीपत के ककरोई से बसई जल शोधन संयंत्र तक आने वाली लगभग 70 किलोमीटर लंबी गुरुग्राम नहर का पुनर्निर्माण किया जाएगा। सिंचाई विभाग ने इसके लिए 1989 करोड़ रुपये की व्यापक परियोजना तैयार की है। अगले महीने इस परियोजना का टेंडर जारी होने की संभावना है।

वर्तमान में नहर की स्थिति काफी जर्जर बताई जा रही है। अभी इसमें 100 से 110 क्यूसेक पानी ही छोड़ा जा रहा है, क्योंकि अधिक पानी प्रवाहित करने पर संरचना को नुकसान पहुंचने का खतरा रहता है। नई योजना के तहत पूरी नहर में बड़े आकार के पाइप डाले जाएंगे, जिससे इसकी क्षमता बढ़कर 653 क्यूसेक तक पहुंच जाएगी। इनमें से 231 क्यूसेक पानी बसई जल शोधन संयंत्र को उपलब्ध कराया जाएगा।

इस परियोजना का लाभ केवल गुरुग्राम तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि फर्रुखनगर, पटौदी, हेलीमंडी, सोहना और झज्जर क्षेत्रों में भी पेयजल आपूर्ति बेहतर होगी। परियोजना के लिए सिंचाई विभाग ने जीएमडीए से 702 करोड़ रुपये के वित्तीय सहयोग का अनुरोध किया है। विभाग का लक्ष्य है कि 2028 के अंत तक निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाए।

शुरुआत में नहर को कंक्रीट बॉक्स संरचना में बनाने का प्रस्ताव था, लेकिन बाद में राज्य सरकार के निर्देश पर बड़े पाइप बिछाने की योजना को अंतिम रूप दिया गया। पाइपलाइन प्रणाली लागू होने के बाद अवैध कनेक्शन और पानी चोरी की समस्या पर काफी हद तक रोक लग सकेगी। फिलहाल झज्जर क्षेत्र में नहर से पाइप डालकर अवैध रूप से पानी निकालने की शिकायतें सामने आती रही हैं, जिसके कारण गर्मियों में गुरुग्राम में जल संकट गहराता है।

नहर के पुनर्निर्माण के दौरान पानी की आपूर्ति एनसीआर नहर के माध्यम से जारी रहेगी। वर्तमान में गुरुग्राम को कुल 245 क्यूसेक पानी मिल रहा है, जिसमें 110 क्यूसेक गुरुग्राम नहर और 135 क्यूसेक एनसीआर नहर से आता है। हालांकि एनसीआर नहर की स्थिति भी बेहतर नहीं बताई जा रही है।

जीएमडीए के कार्यकारी अभियंता अभिनव वर्मा के अनुसार नहर के नए सिरे से निर्माण के बाद शहर में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो जाएगी।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button