Gurugram में मां बनी कातिल, दो साल की बेटी का मर्डर कर खुद पर किया हमला

मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर निवासी आधार शर्मा अपनी पत्नी नेहा (30 वर्ष) और ढाई साल की बेटी अनिका के साथ सूर्या विहार में किराए पर रहते हैं।

Gurugram : साइबर सिटी गुरुग्राम की सूर्या विहार कॉलोनी से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक मां ने अपने ही जिगर के टुकड़े की बेरहमी से हत्या कर दी और उसके बाद तेज धारदार हथियार से अपना गला काटकर आत्महत्या का प्रयास किया। कई घंटों तक तड़पने के बाद जब दरवाजा तोड़ा गया, तो अंदर का मंजर देख हर कोई दहल गया। बच्ची की मौत हो चुकी है, जबकि महिला की हालत अस्पताल में अत्यंत गंभीर बनी हुई है।

मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर निवासी आधार शर्मा अपनी पत्नी नेहा (30 वर्ष) और दो साल की बेटी अनिका के साथ सूर्या विहार में किराए पर रहते हैं।

सोमवार शाम करीब 6 बजे जब आधार ऑफिस से लौटे, तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी देर तक खटखटाने के बाद भी जब कोई हलचल नहीं हुई, तो उन्होंने मकान मालिक को बुलाया। दरवाजा तोड़ने पर अंदर नेहा और मासूम अनिका खून से लथपथ और बेसुध हालत में पड़े मिले।

परिजन दोनों को तुरंत आर्टिमेस अस्पताल लेकर गए, जहाँ डॉक्टरों ने मासूम अनिका को मृत घोषित कर दिया। बच्ची के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि उसे मारने से पहले बेरहमी से पीटा गया था। वहीं, नेहा के गले पर कैंची जैसे किसी धारदार हथियार से गहरे घाव थे।

पुलिस पूछताछ में आधार ने बताया कि सुबह ड्यूटी पर जाने से पहले घर में सब ठीक था, लेकिन सूत्रों के मुताबिक पति-पत्नी के बीच अक्सर घरेलू विवाद होता रहता था। पुलिस को अंदेशा है कि सोमवार सुबह भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी, जिसके बाद तैश में आकर नेहा ने इतना खौफनाक कदम उठाया।

सेक्टर-9 थाना पुलिस ने हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। एसएचओ अवतार सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में घरेलू विवाद को ही इस हत्याकांड और आत्महत्या के प्रयास का मुख्य कारण माना जा रहा है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से सबूत और वारदात में इस्तेमाल हथियार को कब्जे में ले लिया है।  पुलिस अब नेहा के स्वास्थ्य में सुधार का इंतजार कर रही है ताकि उसके बयान दर्ज कर पूरी सच्चाई का पता लगाया जा सके।

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button
Created with ❤