Haryana बिजली चोरी में भी अव्वल ! दो दिनों की रेड में 2,421 चोरियों पर ठोका साढ़े 9 करोड़ का जुर्माना

Haryana :  प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह के निर्देशानुसार दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) द्वारा बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए 26 एवं 27 नवंबर को चलाए गए दो दिवसीय विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल की गई है । निगम की विशेष टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर जांच करते हुए हजारों बिजली कनेक्शनों की जांच की। इस दौरान बिजली चोरी के कुल 2,421 मामले पकड़े गए तथा 9 करोड़ 41 लाख 54 हजार रुपये से अधिक की राशि आंकी गई।

प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि इस दो दिवसीय अभियान के दौरान 26 नवंबर को बिजली चोरी के 1,133 मामले पकड़े गए, जिनमें 4 करोड़ 42 लाख 99 हजार रुपये की राशि आंकी गई। वहीं, 27 नवंबर को कार्रवाई में और तेजी दर्ज की गई तथा बिजली चोरी के 1,288 मामले पकड़े गए, जिनमें 4 करोड़ 98 लाख 55 हजार रुपये की राशि आंकी गई।

उन्होंने बताया कि बिजली चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आधुनिक तकनीक, बेहतर निगरानी व्यवस्था और विभागीय टीमों की सक्रियता को लगातार मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिजली चोरी न केवल बिजली वितरण व्यवस्था को प्रभावित करती है, बल्कि इससे निगम को राजस्व की हानि होती है और ईमानदारी से बिजली बिलों का भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिजली चोरी के विरुद्ध विशेष अभियान निरंतर जारी रखें तथा पकड़े गए मामलों में नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आंकलित राशि की वसूली सुनिश्चित करें।

प्रबंध निदेशक ने बताया कि दिल्ली जोन में सर्वाधिक 1,540 बिजली चोरी के मामले पकड़े गए तथा 7 करोड़ 60 लाख 63 हजार रुपये की राशि आंकी गई। इसी प्रकार हिसार जोन में 881 मामले पकड़े गए तथा 1 करोड़ 80 लाख 91 हजार रुपये की राशि आंकी गई।
दिल्ली जोन के अंतर्गत पलवल सर्कल में 512, फरीदाबाद में 270, गुरुग्राम-प्रथम एवं गुरुग्राम-द्वितीय सर्कल में संयुक्त रूप से 367, नारनौल में 225 तथा रेवाड़ी सर्कल में 166 बिजली चोरी के मामले पकड़े गए। वहीं, हिसार जोन के अंतर्गत भिवानी सर्कल में 324, हिसार में 221, जींद में 202, फतेहाबाद में 70 तथा सिरसा सर्कल में 64 मामले सामने आए।

निगम के जनसंपर्क अधिकारी संजय चुघ ने बताया कि बिजली चोरी के विरुद्ध चलाया गया यह विशेष अभियान निगम की सुदृढ़ प्रवर्तन व्यवस्था और राजस्व संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे बिजली का उपयोग केवल वैध कनेक्शन के माध्यम से करें और किसी भी प्रकार की बिजली चोरी से दूर रहें ।

उन्होंने बताया कि बिजली चोरी की सूचना कार्यदिवसों में निगम के टोल-फ्री नंबर 18001801011 पर दी जा सकती है। प्राप्त शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी । दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा बिजली चोरी रोकने, लाइन लॉस कम करने, राजस्व संरक्षण तथा उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं बेहतर बिजली आपूर्ति उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से इस प्रकार के विशेष अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रखे जाएंगे।

Sunil Yadav

सुनील यादव पिछले लगभग 15 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों में ( India Tv, Times Now,… More »
Back to top button
Created with ❤