Helipad : गुरुग्राम के द्वारका एक्सप्रेसवे के पास बनेगा नया बस टर्मिनल, हेलीपैड को भी मिली मंजूरी

15 एकड़ जमीन पर विकसित होने वाले इस प्रोजेक्ट का ले-आउट प्लान फाइनल, जनवरी में शिलान्यास की तैयारी; शहर के अंदरूनी रास्तों से कम होगा 400 से अधिक बसों का दबाव

Helipad/गुरुग्राम
साइबर सिटी गुरुग्राम की सड़कों पर लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम और बढ़ते प्रदूषण से निपटने के लिए प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है। शहर के बीचोंबीच स्थित पुराने बस अड्डे का बोझ कम करने के लिए अब द्वारका एक्सप्रेसवे के नजदीक गांव सीही में एक नया और आधुनिक बस टर्मिनल विकसित किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का ले-आउट प्लान अंतिम रूप ले चुका है और आगामी जनवरी महीने में इसके शिलान्यास की तैयारी की जा रही है।

आंतरिक सड़कों से कम होगा बसों का दबाव
मौजूदा समय में शहर के मध्य में बस अड्डा होने के कारण प्रतिदिन दूसरे राज्यों और शहरों में आने-जाने वाली 400 से अधिक बसों का शहर की अंदरूनी सड़कों पर भारी दबाव रहता है। इसके अलावा लोकल रूट की बसों की आवाजाही से यातायात व्यवस्था चरमरा जाती है। गांव सीही गुरुग्राम और मानेसर के बीच स्थित है,
जो द्वारका एक्सप्रेसवे के साथ-साथ दिल्ली-जयपुर हाईवे से भी सीधे जुड़ा है। यहां टर्मिनल बनने से अंतरराज्यीय बसें बिना शहर के भीतर प्रवेश किए चंद मिनटों में सीधे हाईवे पकड़ सकेंगी। इससे न केवल जाम से मुक्ति मिलेगी, बल्कि प्रदूषण के स्तर में भी गिरावट आएगी।

ई-बसों की चार्जिंग और आधुनिक वर्कशॉप की सुविधा
करीब 15 एकड़ भूमि पर बनने वाले इस नए टर्मिनल को अंतरराज्यीय बस अड्डे (ISBT) की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। कंसल्टेंट द्वारा इसकी टोपोग्राफी रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। परिसर में यात्रियों की सुख-सुविधाओं के साथ-साथ बसों की सुगम पार्किंग की व्यवस्था होगी। भविष्य की जरूरतों को देखते हुए यहां इलेक्ट्रिक बसों के लिए विशेष पार्किंग और चार्जिंग स्टेशन भी बनाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त,
बसों के रखरखाव और मरम्मत के लिए टर्मिनल के ठीक बगल में एक आधुनिक कार्यशाला (वर्कशॉप) का भी निर्माण होगा।


खिलाड़ियों को राहत: टर्मिनल के पास बनेगा स्थायी हेलीपैड (Helipad)

इस परियोजना की एक और बड़ी खासियत यह है कि बस टर्मिनल के नजदीक ही एक स्थायी हेलीपैड भी विकसित किया जाएगा। अब तक शहर में अलग से स्थायी हेलीपैड न होने के कारण वीवीआईपी (VVIP) मूवमेंट के दौरान हेलीकॉप्टरों को ताऊ देवीलाल स्टेडियम में उतारा जाता था,
जिससे खिलाड़ियों का अभ्यास और खेल गतिविधियां बाधित होती थीं। इस समस्या को लेकर खिलाड़ी लंबे समय से अलग हेलीपैड की मांग कर रहे थे। नया हेलीपैड बनने के बाद स्टेडियम का इस्तेमाल लैंडिंग के लिए नहीं करना पड़ेगा, जिससे खेल गतिविधियों का निर्बाध संचालन हो सकेगा।

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button
Created with ❤