Haryana Weather : हरियाणा में बढ़ने लगी ठंड ! IMD ने दो दिनों के लिए कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया

Haryana Weather : हरियाणा में सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। सुबह और रात के समय ठंड महसूस होने लगी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) चंडीगढ़ की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, 24 नवंबर को हरियाणा में न्यूनतम तापमान में पिछले दिन के मुकाबले औसतन 0.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान अभी सामान्य के आसपास बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, 24 नवंबर को प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान महेंद्रगढ़ के AWS केंद्र में 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा कई जिलों में न्यूनतम तापमान 9 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है।

गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री
मौसम विभाग की 24 नवंबर की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, फरीदाबाद में 11.8 डिग्री, हिसार में 11.2 डिग्री, रोहतक में 10.8 डिग्री, भिवानी में 11 डिग्री, करनाल में 9.1 डिग्री और नारनौल में 9.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
अंबाला में न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री, सिरसा में KVK केंद्र पर 9.8 डिग्री और महेंद्रगढ़ में 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इन आंकड़ों से साफ है कि प्रदेश के कई हिस्सों में रात के तापमान में गिरावट आने लगी है ।
26 और 27 नवंबर को घने कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग की ओर से जारी पांच दिवसीय मौसम चेतावनी के अनुसार, 24 और 25 नवंबर को हरियाणा के किसी भी जिले के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है । हालांकि, 26 और 27 नवंबर को प्रदेश के उत्तरी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाने की संभावना जताई गई है ।

इन दो दिनों के दौरान चंडीगढ़, पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल के आसपास के क्षेत्रों में कोहरे को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है। मौसम विभाग ने इन इलाकों के लिए येलो श्रेणी में चेतावनी दिखाई है।
वाहन चालकों को सतर्क रहने की जरूरत
26 और 27 नवंबर को संभावित कोहरे के मद्देनजर सुबह के समय वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। कोहरे के दौरान वाहन की गति नियंत्रित रखें, फॉग लाइट का इस्तेमाल करें और आगे चल रहे वाहन से पर्याप्त दूरी बनाए रखें।
फिलहाल मौसम विभाग के जारी पूर्वानुमान में हरियाणा के लिए शीतलहर (Cold Wave) का अलर्ट नहीं है, लेकिन न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ सर्दी का असर बढ़ने लगा है। आने वाले दिनों में सुबह और रात के समय ठंड से राहत मिलने की संभावना कम है।
