Sealing In DLF : गोल्फ कोर्स रोड पर बड़ी सीलिंग कार्रवाई, स्पा सेंटर, कार शोरुम, दफ्तर, जिम सब कुछ सील

Sealing In DLF : देश और शहर के सबसे चर्चित और पॉश सड़कों में शामिल गोल्फ कोर्स रोड पर बुधवार को टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग ने बड़ी सीलिंग कार्रवाई को अंजाम दिया। रिहायशी मकानों को व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में तब्दील कर नियमों के विपरीत गतिविधियां संचालित करने वालों के खिलाफ विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए डीएलएफ फेज-1 में कुल 14 इमारतों को सील कर दिया। कार्रवाई की जद में नामी कंपनियों के कार्यालयों से लेकर जिम, क्लीनिक, स्पा, गेस्ट हाउस, आर्किटेक्चर ऑफिस, बुटीक और शोरूम तक शामिल रहे।
जिला नगर योजनाकार एनफोर्समेंट (डीटीपीई) अमित मधोलिया के नेतृत्व में विभाग की टीम ने अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर सीलिंग की कार्रवाई की। जांच के दौरान रिहायशी मकानों के बेसमेंट, स्टिल्ट पार्किंग, भूतल और ऊपरी मंजिलों पर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होती मिलीं। कई इमारतों में एक ही भवन की अलग-अलग मंजिलों पर कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान चल रहे थे। विभाग ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित इमारतों और प्रतिष्ठानों को सील किया।
एक ही इमारत में कई प्रतिष्ठान, पूरी बिल्डिंग पर कार्रवाई
डीएलएफ फेज-1 के एफ ब्लॉक में कार्रवाई के दौरान एफ-17/1 स्थित चार मंजिला इमारत में सिमेंस का कार्यालय, डांस आर्केड, कोरम मेडिटेशन सेंटर, तत्वा स्पा और नजाकत वुमेंस वियर संचालित मिले। स्टिल्ट पार्किंग सहित पूरी इमारत में व्यावसायिक गतिविधियां चलने पर इसे सील कर दिया गया।
एफ-17/4 में मेटागाइस फसाड का कार्यालय, उलिए एस्थेटिक्स एंड वेलनेस, द पसिथिया स्पालॉन और अन्य व्यावसायिक कार्यालय संचालित थे। यहां भी पूरी इमारत को सील किया गया। वहीं एफ-17/5 में क्यूमैथ का शैक्षणिक सेंटर चल रहा था, जहां 150 से अधिक बच्चे पढ़ रहे थे। विभाग ने इस इमारत को भी सील कर दिया।
गेस्ट हाउस के व्यावसायिक इस्तेमाल पर भी कार्रवाई
गोल्फ कोर्स रोड पर एफ-10/10 स्थित सॉल्ट स्टेज गेस्ट हाउस में स्टिल्ट पार्किंग के हिस्से में रसोई, कमरे और लाउंज जैसी सुविधाएं विकसित की गई थीं। विभाग ने गेस्ट हाउस के साथ बेसमेंट में संचालित कार्यालय को भी सील किया। एफ-10/11 स्थित ट्रीबो-आइवी कैसल गेस्ट हाउस में बेसमेंट के व्यावसायिक इस्तेमाल के अलावा अतिरिक्त कमरे, सम्मेलन कक्ष, रसोई और लाउंज जैसी सुविधाएं संचालित मिलने पर बेसमेंट को सील किया गया।
ए-55/21 स्थित इमारत में काडेंस फिजियोकेयर क्लीनिक, व्यावसायिक कार्यालय, नोवेला किचन्स का मॉड्यूलर किचन सेटअप और इंटीरियर डिजाइनर का कार्यालय संचालित था। विभाग ने पूरी इमारत को सील कर दिया। ए-56/13 में बेसमेंट में चल रहे कैलिक्लान जिम पर भी कार्रवाई की गई।
कार शोरूम, ज्वेलरी शोरूम और डिजाइनर बुटीक भी सील
सीलिंग अभियान के दौरान ए-26/10 में दंत चिकित्सालय और ज्वेललाउंज आभूषण शोरूम को सील किया गया। ए-27/1 में इम्पीरियम जिम, विनफास्ट कार शोरूम, मेडकलियर क्लीनिक और सिमेंस होम अप्लायंसेज का प्रतिष्ठान संचालित मिला।
इसी क्रम में ए-14/27 स्थित डिजाइनर बुटीक मंजीत भुल्लर, ए-14/28 स्थित ब्लिंकिट के गोदाम और ऊपरी मंजिलों पर चल रहे व्यावसायिक कार्यालयों को सील किया गया। ए-14/29 में बेसमेंट में संचालित रेस्टोरेंट पर भी कार्रवाई हुई। इसके अलावा एफ-9/13 में डिजाइनर बुटीक सुनैना खेरा और एफ-9/8 में इलेक्ट्रॉनिक्स मार्ट को सील किया गया।
डीटीपीई अमित मधोलिया ने बताया कि विभाग की कार्रवाई पूरी तरह नियमानुसार की जा रही है। जिन इमारतों के संबंध में किसी भी माननीय न्यायालय से स्थगन आदेश (स्टे) प्राप्त था, उन्हें इस कार्रवाई से बाहर रखा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि रिहायशी मकानों में नियमों के विपरीत व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने के मामलों में विभाग की कार्रवाई जारी रहेगी।
आज कुल 14 इमारतों को सील किया गया है।
