9 Accused Arrest : गुरुग्राम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कारौला हत्याकांड में शामिल 9 आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा ने रोहतक से की गिरफ्तारी, वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद

9 Accused Arrest/गुरुग्राम (हरियाणा): गुरुग्राम के गांव कारौला में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फर्रूखनगर अपराध शाखा की पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल 9 आरोपियों को रोहतक के आजादगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई एक स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद की है।
9 Accused Arrest : क्या है पूरा मामला?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 6 अगस्त की है। बेंगलुरु में काम करने वाला सागर नामक युवक पटौदी बस स्टैंड पहुंचा था, जहाँ से उसका भाई उसे लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान कुछ कार सवार बदमाशों ने उनका पीछा किया। जैसे ही वे अपने घर पहुंचे, हथियारों से लैस बदमाशों ने उनके घर में घुसकर हमला कर दिया। मारपीट के दौरान आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से गोली चला दी, जो सागर को जा लगी। परिजनों द्वारा सागर को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस हमले में सागर का भाई भी गंभीर रूप से घायल हुआ है।
9 Accused Arrest : मामूली कहासुनी से शुरू हुआ था विवाद
जांच में सामने आया है कि 3 अगस्त को शिकायतकर्ता की उसके गांव के ही रहने वाले सचेत नाम के व्यक्ति से रेंटल की दुकान पर कहासुनी हुई थी। इसी रंजिश के चलते सचेत ने अपने साथियों के साथ मिलकर साजिश रची। 6 अगस्त को आरोपी लाठी-डंडों और हथियारों से लैस होकर कई गाड़ियों में सवार होकर पीड़ित के घर पहुंचे और इस वारदात को अंजाम दिया।
9 Accused Arrest : गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
सचेत उर्फ मुन्ना (निवासी गांव करौला, गुरुग्राम)
ओम (निवासी गांव भाभेवा, झज्जर)
साहिल (निवासी गांव चिमनी, झज्जर)
विनय कुमार (निवासी गांव मेहराना, झज्जर)
गौतम (निवासी गांव धनाना, सोनीपत)
सुनील उर्फ अभिषेक उर्फ खोटा (निवासी गांव खिलौड़, सोनीपत)
मंदीप उर्फ डिप्पी (निवासी गांव खिलौड़, सोनीपत)
अश्वनी (निवासी गांव खिलौड़, सोनीपत)
अनुश उर्फ चिनू (निवासी जिला सोनीपत)
9 Accused Arrest : आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी सचेत के खिलाफ पटौदी थाने में चोरी का सामान रखने/खरीदने का मामला दर्ज है। इसके अलावा, आरोपी सुनील के खिलाफ भी रोहतक में चोरी का एक मामला दर्ज है।
फर्रूखनगर थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है तथा नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
