
Gurugram News Network- जिला निर्वाचन अधिकारी निशांत कुमार यादव व पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा ने राजकीय कन्या महाविद्यालय परिसर में बनाए गए चारों विधानसभा क्षेत्रों के मतगणना केंद्रों का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए गए। डीसी निशांत कुमार यादव ने कहा कि आठ अक्तूबर को सुबह सभी उम्मीदवारों के मतगणना एजेंट अपने साथ फार्म 17 सी अवश्य लेकर आएं। मतदान केंद्र के अंदर और बाहर एक हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। इसके अलावा हर गतिविधि की सीसीटीवी कैमरे से भी निगरानी की जाएगी। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है। इसके अलावा पुलिस संदिग्ध लोगों पर भी नजर रखे हुए हैं। फार्म में पांच अक्तूबर को जो मतदान हुआ था, उस दिन हर बूथ पर जितने वोट डाले गए, उनकी संख्या लिखी होती है। कोई भी काउंटिंग एजेंट अपने साथ किसी अन्य सामान जैसे मोबाइल, घड़ी, कैलकुलेटर, चाबी आदि लेकर ना आएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतगणना केंद्र में उम्मीदवारों के बैठने की अलग से उचित व्यवस्था होनी चाहिए। मतगणना का परिणाम घोषित होने के बाद काउंटिंग सेंटर पर ही निर्वाचन अधिकारी विजयी प्रत्याशी को विधायक चुने जाने का प्रमाण-पत्र देंगे। उम्मीदवार के लिए वाहन पार्किंग की व्यवस्था आईटीआई कैंपस में रहेगी। पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा ने कहा कि केवल उन्हीं लोगों को काउंटिंग सेंटर में प्रवेश करने की अनुमति होगी, जिनके पास जिला प्रशासन या निर्वाचन आयोग का अधिकृत पास होगा। मंगलवार को कालेज रोड के समीप अथवा मतगणना केंद्र के अंदर अनावश्यक रूप से किसी व्यक्ति को खड़ा नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतगणना केंद्र में प्रवेश से पहले एक- एक व्यक्ति की जांच की जाए। इस मौके पर सभी निर्वाचन अधिकारी, डीसीपी व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
Advertisement
Advertisement