Gurugram में घर का सपना होगा महंगा, स्टांप ड्यूटी बढ़ाने का प्रस्ताव

मेट्रो विस्तार के लिए फंड जुटाने की तैयारी, प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री पर लग सकता है अतिरिक्त शुल्क

Gurugram :  साइबर सिटी गुरुग्राम में अब संपत्ति खरीदना आम आदमी की जेब पर भारी पड़ सकता है। गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) ने शहर में आधा प्रतिशत (0.5%) अतिरिक्त स्टांप ड्यूटी बढ़ाने का प्रस्ताव पेश किया है। यह प्रस्ताव हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में रखा गया है।

जीएमआरएल ने ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो के पहले चरण (मिलेनियम सिटी सेंटर से सेक्टर-9 तक) के निर्माण को गति देने के लिए यह मांग की है। अधिकारियों का तर्क है कि इस अतिरिक्त राजस्व का 35 प्रतिशत हिस्सा मेट्रो परियोजनाओं के बेहतर संचालन और निर्माण में खर्च किया जाएगा। शेष 65 प्रतिशत राशि मेट्रो के आसपास के क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं जैसे फुटपाथ, सड़क और सीवर प्रणाली को सुधारने में उपयोग की जाएगी।

वर्तमान में, गुरुग्राम में पुरुषों के नाम पर रजिस्ट्री होने पर 7 प्रतिशत और महिलाओं के नाम पर 5 प्रतिशत स्टांप ड्यूटी ली जाती है। यदि किसी 50 लाख रुपये की प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री एक पुरुष के नाम पर होती है, तो उसे अभी 3.5 लाख रुपये स्टांप शुल्क देना होता है आधा प्रतिशत की बढ़ोत्तरी होने पर उसे 25,000 रुपये अतिरिक्त यानी कुल 3.75 लाख रुपये देने होंगे।

इसी बैठक में एक और बड़ा फैसला लेते हुए नमो भारत (RRTS) के साइबर सिटी स्टेशन के डिजाइन को मंजूरी दे दी गई है। यह स्टेशन शंकर चौक के समीप भूमिगत (Underground) बनाया जाएगा।

इसमें तीन प्रवेश और निकास द्वार होंगे जो साइबर सिटी, एंबिएंस मॉल यू-टर्न और राव गजराज मार्ग को जोड़ेंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए इसे फुट ओवर ब्रिज और भूमिगत अंडरपास के जरिए ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो स्टेशन से भी जोड़ा जाएगा।

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button