Gurugram की 15 मुख्य सड़कों का बदलेगा डिजाइन, जीएमडीए ने योजना तैयार की
GMDA और स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (SPA) के बीच समझौता, 15 दिनों में तैयार होगी सड़कों की सूची

Gurugram : मिलेनियम सिटी की आबोहवा को स्वच्छ बनाने और सड़कों से उड़ने वाली धूल को नियंत्रित करने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) ने एक बड़ा मास्टर प्लान तैयार किया है। शहर की 15 सबसे व्यस्त और मुख्य सड़कों का अब नए सिरे से डिजाइन तैयार किया जाएगा। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य सड़कों के किनारे मौजूद कच्चे क्षेत्रों को खत्म करना है, जो शहर में धूल (Dust Pollution) का सबसे बड़ा स्रोत हैं।
सरकार ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए ‘स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर’ (SPA) के साथ एक समझौता किया है। SPA की विशेषज्ञ टीम इन 15 सड़कों का तकनीकी अध्ययन कर नया डिजाइन तैयार करेगी। GMDA के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पीसी मीणा ने अधिकारियों को अगले 15 दिनों के भीतर इन सड़कों की सूची फाइनल करने के निर्देश दिए हैं।
वर्तमान में जीएमडीए और नगर निगम की कई सड़कों के किनारे 8 से 9 फीट तक का हिस्सा कच्चा है। गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड जैसे इलाकों में जब भारी वाहन या डंपर इन कच्चे हिस्सों से गुजरते हैं, तो भारी मात्रा में धूल उड़ती है। नए डिजाइन में इन हिस्सों को पक्का किया जाएगा या वहां सौंदर्यीकरण कर धूल उड़ने के रास्तों को पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।
पिछले साल दिसंबर में वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) की टीम ने शहर की 125 सड़कों का निरीक्षण किया था। चौंकाने वाली बात यह थी कि इनमें से केवल 4 सड़कें ही धूल मुक्त पाई गई थीं, जबकि 34 सड़कों पर धूल का स्तर बेहद खतरनाक था। पर्यावरणविदों और स्थानीय नागरिकों द्वारा ‘मेकिंग मॉडल गुरुग्राम’ जैसे समूहों के बैनर तले किए गए प्रदर्शनों ने भी इस मुद्दे को गंभीरता से उठाने में मदद की।
शहर की 15 मुख्य सड़कों को रि-डिजाइन करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसकी सूची तैयार कर जल्द ही SPA को सौंपी जाएगी, जिसके बाद डिजाइन के आधार पर टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी। — अमित गोदारा, कार्यकारी अभियंता, GMDA