Global City के पास बादशाहपुर नाले की बदलेगी सूरत, GMDA और HSIIDC का प्लान तैयार, जाने नया प्लान
सेक्टर-37डी और रामप्रस्था सिटी जैसे रिहायशी इलाकों के बीच से गुजरने वाले इस नाले के कारण स्थानीय लोग लंबे समय से मच्छरों और दुर्गंध से परेशान थे।

Global City : मिलेनियम सिटी की सबसे पुरानी समस्याओं में से एक बादशाहपुर नाला नंबर-3 को अब नया जीवन मिलने जा रहा है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) और हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं बुनियादी ढांचा विकास निगम (HSIIDC) ने मिलकर इस नाले के करीब छह किलोमीटर के हिस्से को पक्का करने का फैसला लिया है। इस पूरे प्रोजेक्ट पर लगभग 370 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
इस योजना के तहत द्वारका एक्सप्रेसवे के पास विकसित हो रही ‘ग्लोबल सिटी’ के आसपास के 3 किलोमीटर के हिस्से को HSIIDC लगभग 170 करोड़ रुपये की लागत से पक्का करेगा। वहीं, गाड़ौली से नजफगढ़ नाले की ओर जाने वाले शेष 3 किलोमीटर के हिस्से को पक्का करने की जिम्मेदारी जीएमडीए की होगी, जिसका एस्टीमेट करीब 200 करोड़ रुपये है।
सेक्टर-37डी और रामप्रस्था सिटी जैसे रिहायशी इलाकों के बीच से गुजरने वाले इस नाले के कारण स्थानीय लोग लंबे समय से मच्छरों और दुर्गंध से परेशान थे। नाले के पक्का होने के बाद न केवल जल निकासी सुधरेगी, बल्कि आसपास का वातावरण भी स्वच्छ होगा। अधिकारियों का यह भी कहना है कि पक्का होने के बाद नाले के कुछ हिस्से का उपयोग आवागमन (Road connectivity) के लिए भी किया जा सकता है।
हरियाणा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के एक सर्वे में खुलासा हुआ है कि इस नाले में रोजाना करीब 55 मिलियन लीटर (MLD) गंदा पानी जा रहा है, जो अंततः यमुना को प्रदूषित करता है। हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने इस पर सख्त रुख अपनाते हुए जीएमडीए को आदेश दिए हैं कि नाले में गिरने वाले अवैध सीवर कनेक्शनों को तुरंत काटा जाए और गंदे पानी को एसटीपी (STP) की ओर मोड़ा जाए।