Gas Agency पर प्रशासन की पैनी नजर, LPG सप्लाई और स्टॉक की निगरानी के लिए बना हाई-टेक कंट्रोल रूम
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और पैनिक करने की आवश्यकता नहीं है।

Gas Agency : जिले में रसोई गैस (LPG) की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने और कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए गुरुग्राम प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। डीसी अजय कुमार के निर्देशानुसार, लघु सचिवालय (Mini Secretariat) के द्वितीय तल स्थित एनआईसी रूम में एक समर्पित 24×7 कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। अब उपभोक्ता गैस सिलेंडर से जुड़ी किसी भी समस्या या शिकायत के लिए सीधे प्रशासन से संपर्क कर सकते हैं।
शिकायत के लिए जारी हुआ हेल्पलाइन नंबर
डीएफएससी (DFSC) डॉ. अशोक रावत ने बताया कि कंट्रोल रूम के लैंडलाइन नंबर 0124-2868930 पर प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। यदि किसी उपभोक्ता को सिलेंडर की अनुपलब्धता, आपूर्ति में देरी, अवैध भंडारण या निर्धारित दर से अधिक वसूली जैसी समस्या आती है, तो वे इस नंबर पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

6 टीमें फील्ड में सक्रिय, स्टॉक की कोई कमी नहीं
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में एलपीजी का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और पैनिक करने की आवश्यकता नहीं है।
एजेंसियों की स्थिति: जिले की 58 गैस एजेंसियों के पास वर्तमान में 15,311 सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है।
निरीक्षण: डीसी के आदेश पर 6 विशेष टीमें रोजाना गैस एजेंसियों और गोदामों का औचक निरीक्षण कर रही हैं।
सख्त कार्रवाई: अवैध डायवर्जन और जमाखोरी पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डीसी अजय कुमार ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य गैस वितरण प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाना है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि वे दैनिक आधार पर स्टॉक की निगरानी करें ताकि उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
डीएफएससी (DFSC) डॉ. अशोक रावत ने बताया कि आमजन से अपील है कि यदि कहीं भी एलपीजी की कालाबाजारी या अवैध भंडारण दिखे, तो तुरंत कंट्रोल रूम को सूचित करें। आपकी सूचना पर प्रशासन त्वरित और सख्त कार्रवाई करेगा।