Stuntman Arrest : रील बनाने का भूत उतरा, गुरुग्राम पुलिस ने तोड़ी स्टंटबाजों की अकड़, कान पकड़कर रगड़ा नाक
गुरुग्राम के MG रोड पर बोलेरो के बोनट पर बैठकर स्टंट करने वाले 3 हुड़दंगी गिरफ्तार, पुलिस ने सिखाया सबक

Stuntman Arrest : साइबर सिटी गुरुग्राम की सड़कों पर रील बनाने और सोशल मीडिया पर चमकने के चक्कर में अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने वाले स्टंटबाजों के खिलाफ गुरुग्राम पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। एमजी रोड (MG Road) पर चलती बोलेरो कार के बोनट पर बैठकर खतरनाक स्टंट करने और ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों (Stuntman Arrest) को दबोच लिया है। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई के बाद सड़क पर हुड़दंग काटने वाले इन स्टंटबाजों की सारी हेकड़ी धरी की धरी रह गई।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था जानलेवा स्टंट का वीडियो : Stuntman Arrest
मामला तब सामने आया जब सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ। इस वीडियो में साफ देखा जा सकता था कि एक की बोलेरो गाड़ी के बोनट पर एक युवक बैठा हुआ है और कार चालक बेहद लापरवाही, तेज गति और खतरनाक तरीके से वाहन को दौड़ा रहा है। जिस वक्त यह स्टंट किया जा रहा था, उस समय एमजी रोड जैसी व्यस्त सड़क पर अन्य गाड़ियां भी चल रही थीं और पैदल राहगीर भी मौजूद थे। स्टंटबाजों की इस हरकत से सड़क पर चल रहे आम लोगों की जान और सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो गया था।
गुरुग्राम पुलिस ने लिया संज्ञान, 3 आरोपी गिरफ्तार : Stuntman Arrest
वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए गुरुग्राम पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना डीएलएफ सेक्टर-29 में संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। इसके बाद, एमजी रोड पुलिस चौकी (सेक्टर-29) की एक विशेष टीम ने तफ्तीश शुरू की और 1 जुलाई 2026 को इस घटना में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान:
अनिकेत (उम्र 24 वर्ष)
आकाश (उम्र 26 वर्ष)
वेदप्रकाश (उम्र 19 वर्ष)
पुलिस के मुताबिक, ये तीनों आरोपी हरियाणा के जिला महेंद्रगढ़ के खटीकान बास मोहल्ला के रहने वाले हैं। पुलिस अब इस मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और मामले की जांच जारी है।
सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर, नियमों का उल्लंघन पड़ेगा भारी
गुरुग्राम पुलिस ने इस कार्रवाई के जरिए साफ संदेश दिया है कि सड़कों पर इस तरह की गुंडागर्दी और हुड़दंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे सभी वीडियो और स्टंट की शिकायतों पर पुलिस लगातार पैनी निगरानी रख रही है। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले और रील के चक्कर में दूसरों की जान खतरे में डालने वाले हुड़दंगियों की पहचान कर उनके खिलाफ इसी तरह सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गुरुग्राम पुलिस की अपील:
पुलिस ने सभी नागरिकों और युवाओं से अपील की है कि वे सुरक्षित, जिम्मेदार और अनुशासित तरीके से वाहन चलाएं। सड़कों पर स्टंटबाजी न करें, ताकि स्वयं और सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।