Sheetla Mata मेडिकल कॉलेज का संचालन PPP मोड पर होगा, 850 बेड की क्षमता के लिए आवेदन जल्द
PPP मॉडल को सफलतापूर्वक लागू करने और इसकी निगरानी के लिए एक पारदर्शी और फुलप्रूफ सिस्टम बनाने पर भी जोर दिया गया, ताकि निजी हाथों में संचालन के बावजूद सरकारी नियंत्रण और गुणवत्ता बनी रहे।

Sheetla Mata : सेक्टर-102ए में निर्माणाधीन श्री शीतला माता देवी मेडिकल कॉलेज और टीचिंग अस्पताल का संचालन पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मोड पर किए जाने की योजना को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सोमवार को मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में इस प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें जीएमडीए (गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। माना जा रहा है कि प्रदेश सरकार जल्द ही निजी साझेदारों को आमंत्रित करने के लिए Request for Proposal (RFP) दस्तावेज जारी कर सकती है।
यह मेडिकल कॉलेज और अस्पताल, जिसका निर्माण जीएमडीए द्वारा किया जा रहा है, 150 एमबीबीएस छात्रों की वार्षिक क्षमता के साथ शुरू होगा। टीचिंग हॉस्पिटल की क्षमता 850 बेड की होगी। बैठक में इस महत्वपूर्ण परियोजना के ऑपरेशन और मेंटेनेंस को पीपीपी मोड पर देने के प्रस्ताव पर विचार किया गया, ताकि इसकी दक्षता और गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।
चर्चा के दौरान, समिति ने एक महत्वपूर्ण नियम पर फिर से विचार करने की सलाह दी। प्रस्तावित योजना में 66 प्रतिशत बेड सस्ते (सब्सिडी) रेट पर और 34 प्रतिशत बेड प्रीमियम रेट पर आरक्षित करने का नियम था। कमेटी ने इस नियम की व्यावहारिकता और जनहित में संतुलन पर पुनर्विचार करने का सुझाव दिया।
इसके साथ ही, PPP मॉडल को सफलतापूर्वक लागू करने और इसकी निगरानी के लिए एक पारदर्शी और फुलप्रूफ सिस्टम बनाने पर भी जोर दिया गया, ताकि निजी हाथों में संचालन के बावजूद सरकारी नियंत्रण और गुणवत्ता बनी रहे। टीम ने ‘प्रस्ताव के लिए अनुरोध दस्तावेज’ (आरएफपी) पर विस्तृत चर्चा की और इसके अंतिम रूप देने के कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।
GMDA द्वारा इस अस्पताल का निर्माण कार्य 1 अप्रैल 2022 को शुरू किया गया था, जिसका मूल लक्ष्य जुलाई 2024 तक इसे पूरा करना था। हालांकि, निर्माण कार्य में विलंब के कारण यह लक्ष्य पहले दिसंबर 2025 तक बढ़ाया गया था, जिसे अब और आगे बढ़ाते हुए मार्च 2026 तक कर दिया गया है। अधिकारियों का मानना है कि निर्माण कार्य में तेजी लाकर और जल्द ही पीपीपी भागीदार का चयन करके, क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं और छात्रों को मेडिकल शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराई जा सकेगी।