Police Raid : सोहना में आतंकी गतिविधि की सूचना पर पुलिस की छापेमारी, बम निरोधक दस्ते ने घंटों चलाया सर्च ऑपरेशन
सिलानी स्थित WIT कॉलेज के आसपास सघन जांच; कोई संदिग्ध या आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली

Police Raid/गुरुग्राम
सोहना में शुक्रवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब सिलानी गांव स्थित वर्ल्ड इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (WIT) कॉलेज के पास किसी संदिग्ध व्यक्ति और संभावित आतंकी गतिविधि की सूचना मिली। खबर मिलते ही विशेष टास्क फोर्स (STF), स्थानीय पुलिस, डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ता तुरंत हरकत में आया और पूरे इलाके को घेर लिया।
Police Raid : सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियात बरतते हुए सोहना-पलवल हाईवे पर नाकेबंदी की और विट कॉलेज के साथ-साथ पास की जीडी गोयनका यूनिवर्सिटी तथा आसपास के अन्य शैक्षणिक संस्थानों में घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया।
Police Raid : गांव, दुकानों और निर्माणाधीन इमारतों की तलाशी
सुरक्षा बलों की टीमों ने सिलानी गांव की स्थानीय दुकानों, रिहाइशी मकानों, खाली पड़ी इमारतों और निर्माणाधीन परिसरों की गहनता से जांच की। हाईवे पर खड़ी गाड़ियों और लोगों के बैगों की भी चेकिंग की गई। देर रात तक पुलिस की भारी मौजूदगी देखकर स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
Police Raid : अब तक नहीं मिला कोई संदिग्ध
पुलिस और सुरक्षा बलों द्वारा चलाए गए इस व्यापक सर्च अभियान के दौरान किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या आपत्तिजनक वस्तु की बरामदगी नहीं हुई है। इसके बावजूद, शनिवार रात तक सोहना-पलवल रोड पर पुलिस बल तैनात रहा और वाहनों की चेकिंग जारी रखी गई।
Police Raid : सोहना सदर थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम नाकेबंदी पर सतर्क है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने और क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को देने की अपील की है।
