Gurugram News Network - डीएलएफ फेज-2 थाना क्षेत्र में एक पीजी संचालक पर कुक को छत से फेंकने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सेलरी के विवाद में पीजी संचालक ने वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में मूल रूप से झारखंड के रहने वाले भूदेव राम ने बताया कि उनका भाई उमेश राम चक्करपुर बिहारी मार्केट के पास बने अभिषेक शर्मा के पीजी में कुक का काम करता था। उमेश का सेलरी को लेकर अभिषेक से काफी विवाद चल रहा था। करीब दो महीने पहले उमेश ने नौकरी छोड़ दी थी और दूसरी जगह काम करने लगा था। उमेश लगातार अपनी रुकी हुई सेलरी देने के लिए अभिषेक को फोन कर रहा था। इस बात से अभिषेक नाराज था।
भूदेव ने पुलिस को बताया कि 6 फरवरी को अभिषेक ने उमेश को सेलरी देने के बहाने से अपने पास बुला लिया। आरोप है कि उसके साथ यहां मारपीट कर बंधक बना लिया। उसे इतना डर दिखाया कि उमेश उसके पीजी में दोबारा काम करने लगा। इसके बाद उन्हें 9 फरवरी को दूसरे कुक का फोन आया कि अभिषेक ने उमेश को पीजी की छत से धक्का दे दिया है। इस पर वह मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।