Nurse Murder : हैवान बना पति, पत्नी को मौत का इंजेक्शन लगा उतारा मौत के घाट, दहेज के लिए रची खौफनाक साजिश

मृतका के भाई ने पुलिस को बताया कि आरोपी और काजल पिछले कुछ दिनों से गढ़ी हरसरू में उन्हीं के पास रह रहे थे। 17 मार्च की रात अरुण ने नशे की हालत में काजल के साथ बुरी तरह मारपीट की।

Nurse Murder  साइबर सिटी के सेक्टर-93 क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक नर्सिंग स्टाफ ने अपनी ही नर्स पत्नी को इंजेक्शन लगाकर हत्या कर दी। आरोपी पति दहेज के लिए पत्नी को लंबे समय से प्रताड़ित कर रहा था। पुलिस ने  कार्रवाई करते हुए आरोपी पति अरुण शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, गाजियाबाद निवासी अरुण शर्मा और मृतका काजल की मुलाकात एक अस्पताल में काम के दौरान हुई थी। दोनों नर्सिंग क्षेत्र से जुड़े थे, जिसके चलते उनमें दोस्ती हुई और नवंबर 2025 में उन्होंने प्रेम विवाह किया। लेकिन शादी के कुछ ही समय बाद अरुण का असली चेहरा सामने आ गया। वह नशे का आदी था और काजल पर मायके से पैसे लाने के लिए दबाव बनाने लगा।

मृतका के भाई ने पुलिस को बताया कि आरोपी और काजल पिछले कुछ दिनों से गढ़ी हरसरू में उन्हीं के पास रह रहे थे। 17 मार्च की रात अरुण ने नशे की हालत में काजल के साथ बुरी तरह मारपीट की। अगले दिन 18 मार्च की सुबह, अरुण काजल को बात करने के बहाने नीचे वाले कमरे में ले गया।

कुछ ही देर बाद काजल बेसुध हालत में मिली और उसकी नाक से खून बह रहा था। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी अरुण ने कबूल किया है कि उसने काजल को इंजेक्शन लगाया था, जिसके चलते उसकी मृत्यु हुई।

सेक्टर-93 चौकी इंचार्ज उप-निरीक्षक प्रदीप कुमार की टीम ने 20 मार्च को आरोपी अरुण शर्मा को सेक्टर-89 से गिरफ्तार किया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर विसरा रिपोर्ट के लिए भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या) और दहेज हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button