Namo Bharat Train: गुरुग्राम और फरीदाबाद के बीच बनेंगे 18 स्टेशन, 160 की रफ़्तार से दौड़ेगी ट्रेन

यह ट्रेन सेक्टर-29 के बाद मिलेनियम सिटी सेंटर (येलो लाइन) से जुड़ेगी।  सेक्टर-52, वजीराबाद, और सेक्टर-57 में स्टेशन प्रस्तावित हैं।

Namo Bharat Train : हरियाणा के गुरुग्राम और फरीदाबाद के बीच सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। हरियाणा सरकार ने गुरुग्राम-फरीदाबाद-ग्रेटर नोएडा नमो भारत (RRTS) कॉरिडोर की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) में महत्वपूर्ण फेरबदल की सिफारिश की है।गुरुग्राम से गाजियाबाद जाना भी आसान हो जाएगा।

नए प्रस्ताव के अनुसार, इस 64 किमी लंबे ट्रैक पर गुरुग्राम और फरीदाबाद के बीच कुल 18 स्टेशन बनाए जाएंगे, जिससे न केवल लंबी दूरी बल्कि स्थानीय यात्रियों को भी मेट्रो जैसी सुविधा मिलेगी।

प्रस्तावित नमो भारत कॉरिडोर का करीब 52 किलोमीटर हिस्सा हरियाणा में पड़ता है। इसमें गुरुग्राम का हिस्सा इफको चौक से ग्वाल पहाड़ी तक लगभग 14.50 किमी है, जबकि फरीदाबाद में यह सैनिक कॉलोनी से बादशाहपुर तक फैला है।

गुरुग्राम में प्रस्तावित 8 स्टेशनों की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। इफको चौक पर दिल्ली-गुरुग्राम-शाहजहांपुर और गुरुग्राम-ग्रेटर नोएडा लाइन का भव्य इंटरचेंज स्टेशन बनेगा।  यह ट्रेन सेक्टर-29 के बाद मिलेनियम सिटी सेंटर (येलो लाइन) से जुड़ेगी।

सेक्टर-52, वजीराबाद, और सेक्टर-57 में स्टेशन प्रस्तावित हैं। यहाँ नमो भारत, मेट्रो और पचगांव तक जाने वाली प्रस्तावित मेट्रो का मिलन होगा। इसे रैपिड मेट्रो से भी जोड़ा जाएगा। गुरुग्राम का आखिरी स्टेशन ग्वाल पहाड़ी रोड पर होगा।

फरीदाबाद में प्रवेश के बाद करीब 16 किमी के दायरे में 10 स्टेशन बनाए जाएंगे। सैनिक कॉलोनी, NIT-3, और NIT-1, यहाँ RRTS स्टेशन को दिल्ली मेट्रो की वायलेट लाइन से लिंक किया जाएगा। इसके बाद सेक्टर 12 से 15 चौक, सेक्टर 80-82, 85-86 और 88-89 की मुख्य सड़कों पर स्टेशन बनेंगे। अंतिम स्टेशन बादशाहपुर में होगा, जिसके बाद ट्रेन नोएडा में प्रवेश करेगी।

 नमो भारत ट्रेन 160 से 180 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से दौड़ती है, इसलिए रिहायशी इलाकों में ध्वनि प्रदूषण एक चुनौती है। हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कार्पोरेशन (HMRTC) ने NCRTC से विशेष नॉइस बैरियर (शोर अवरोधक प्रणाली) लगाने का आग्रह किया है। कंक्रीट या मेटल पैनल के जरिए ध्वनि तरंगों को रोका जाएगा।  घनी आबादी वाले क्षेत्रों, स्कूलों और अस्पतालों के पास शोर का स्तर न्यूनतम रहेगा।

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button