Murder In Hotel : काम की तलाश में आए युवक को पीट-पीटकर मार डाला, दोस्त गिरफ्ततार

पकड़े गए आरोपियों की पहचान इंद्रजीत (निवासी गाजीपुर, यूपी) और अरविंद कुमार उर्फ संजू (निवासी गोपालगंज, बिहार) के रूप में हुई है।

Murder In Hotel : शहर के रेलवे स्टेशन के पास स्थित ‘बसंत होटल’ में एक 41 वर्षीय व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान झारखंड के धनबाद निवासी आनंद गोस्वामी के रूप में हुई है। सेक्टर-5 थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए होटल के सफाई कर्मचारी और उसके एक साथी को वारदात के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 11 मार्च को सूचना मिली थी कि बसंत होटल के एक कमरे में एक व्यक्ति का शव खून से लथपथ पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस और सीन ऑफ क्राइम टीम ने साक्ष्य जुटाए। जांच में पता चला कि आनंद गोस्वामी 8 मार्च से इसी होटल में रुका हुआ था और वह गुरुग्राम में काम की तलाश में आया था।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान इंद्रजीत (निवासी गाजीपुर, यूपी) और अरविंद कुमार उर्फ संजू (निवासी गोपालगंज, बिहार) के रूप में हुई है। आरोपी इंद्रजीत इसी होटल में सफाई का काम करता है, जबकि अरविंद रेलवे स्टेशन के पास ही रहता है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि 10 और 11 मार्च की दरमियानी रात को आरोपियों की आनंद के साथ किसी बात पर कहासुनी हो गई थी। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने आनंद के साथ जमकर मारपीट की, जिससे आई गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक के जीजा की शिकायत पर सेक्टर-5 थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अब आरोपियों से इस बात की गहनता से पूछताछ कर रही है कि आखिर वह कौन सी बात थी जिस पर विवाद इतना बढ़ गया कि उन्होंने आनंद की जान ले ली। आरोपियों को अदालत में पेश कर आगामी कानूनी कार्यवाही की जा रही है।

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button