Murder : गुरुग्राम में साथी के प्राइवेट पार्ट में कंप्रेशर से हवा भरकर की हत्या, प्रेशर से फट गईं आंतें
हंसी-मजाक बना काल, अलीगढ़ का रहने वाला था मृतक, जांच जारी

Murder : गुरुग्राम के खेड़कीदौला थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली और क्रूर वारदात सामने आई है। रामपुरा इलाके में दो सहकर्मियों के बीच चल रहा मामूली हंसी-मजाक चंद मिनटों में खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद इतना बढ़ा कि एक युवक ने गुस्से में आकर अपने ही साथी के प्राइवेट पार्ट में एयर कंप्रेशर से हवा भर दी। अत्यधिक प्रेशर के कारण पीड़ित की आंतें फट गईं, जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
अलीगढ़ का रहने वाला था मृतक मृतक की पहचान 40 वर्षीय हरविंदर सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के शाहगढ़ गांव का निवासी था। वह गुरुग्राम में एक कंपनी में काम करता था।
विवाद और वारदात: पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार की है। हरविंदर और आरोपी नरेश दोनों सहकर्मी थे और रामपुरा स्थित कार्यस्थल पर काम कर रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर हंसी-मजाक शुरू हुआ। देखते ही देखते यह मजाक गंभीर बहस और झगड़े में तब्दील हो गया। गुस्से में आपा खो चुके आरोपी नरेश ने वहां रखे एयर कंप्रेशर का नोजल हरविंदर के प्राइवेट पार्ट पर लगाकर हवा चालू कर दी। हवा का दबाव इतना तेज था कि कुछ ही सेकंड में हरविंदर के पेट में अत्यधिक हवा भर गई। गंभीर हालत में उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी जांच की और मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, अत्यधिक प्रेशर के कारण पीड़ित की आंतें अंदरूनी तौर पर फट गई थीं, जो मौत का कारण बनी।
जांच जारी: वारदात की सूचना मिलते ही खेड़कीदौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की । पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।
SHO का बयान: खेड़कीदौला थाना के SHO कृष्ण कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटा लिए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं और मुख्य आरोपी नरेश को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इस वारदात के पीछे कोई पुरानी रंजिश तो नहीं थी।