MCG Action : सीवर सफाई में लापरवाही पर बरतने पर जेई सस्पेंड, ठेकेदार और बड़े अधिकारियों पर भी गिरेगी गाज
मामले की जांच में पाया गया कि सेक्टर-10ए में सीवर सफाई के दौरान 'मैनुअल स्कैवेंजिंग निषेध अधिनियम, 2013' और तय एसओपी (SOP) का पालन नहीं किया गया।

MCG Action : स्वच्छता कार्यों और कर्मचारियों की सुरक्षा में कोताही बरतने वालों के खिलाफ नगर निगम गुरुग्राम ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने सेक्टर-10ए में सीवर सफाई के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल और नियमों की धज्जियां उड़ाने के मामले में जूनियर इंजीनियर (जेई) राहुल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से निगम के गलियारों में हड़कंप मच गया है।
मामले की जांच में पाया गया कि सेक्टर-10ए में सीवर सफाई के दौरान ‘मैनुअल स्कैवेंजिंग निषेध अधिनियम, 2013’ और तय एसओपी (SOP) का पालन नहीं किया गया। कार्यस्थल पर न तो सफाई कर्मचारियों के पास पीपीई किट थी और न ही गैस डिटेक्शन व वेंटिलेशन जैसी अनिवार्य सुरक्षा व्यवस्थाएं। निगमायुक्त ने इसे गंभीर कदाचार और कर्तव्य में लापरवाही मानते हुए कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि यह गाज केवल जेई पर ही नहीं गिरेगी, बल्कि इस मामले में संबंधित कार्यकारी अभियंता (XEN), सहायक अभियंता (SDO) और ठेकेदार के विरुद्ध भी सख्त विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। निलंबन अवधि के दौरान जेई राहुल का मुख्यालय मुख्य अभियंता कार्यालय तय किया गया है।
निगमायुक्त ने 29 जनवरी 2026 को ही स्पष्ट आदेश जारी किए थे कि मैनुअल स्कैवेंजिंग (हाथ से सफाई) पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और सफाई केवल मशीनों के माध्यम से ही की जाएगी। आयुक्त प्रदीप दहिया ने चेतावनी दी है कि सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा और गरिमा के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।