MCG Action : सदर बाजार में पानी चोरों पर निगम ने की कार्रवाई , 7 अवैध कनेक्शन काटे
निगम ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान केवल सदर बाजार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे गुरुग्राम में उन पॉइंट की पहचान की जा रही है जहाँ पानी की चोरी हो रही है।

MCG Action : नगर निगम गुरुग्राम (MCG) ने शहर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र सदर बाजार में अवैध पेयजल कनेक्शनों के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक की है। वीरवार को निगम की टीम ने छापेमारी कर नियमों के विरुद्ध चल रहे 7 अवैध कनेक्शनों को मौके पर ही काट दिया। निगमायुक्त प्रदीप दहिया के कड़े रुख के बाद की गई इस कार्रवाई से अवैध रूप से पानी का उपयोग करने वालों में हड़कंप मच गया है।
निगम अधिकारियों के अनुसार, ये अवैध कनेक्शन न केवल सरकारी खजाने को चूना लगा रहे थे, बल्कि पूरे क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति लाइन के प्रेशर को भी प्रभावित कर रहे थे। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कई स्थानों पर बिना अनुमति के मुख्य लाइन से छेड़छाड़ कर पानी लिया जा रहा था।
निगम ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान केवल सदर बाजार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे गुरुग्राम में उन पॉइंट की पहचान की जा रही है जहाँ पानी की चोरी हो रही है।
निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने शहरवासियों और दुकानदारों को सख्त हिदायत देते हुए कहा:अवैध कनेक्शन लेकर सरकारी व्यवस्था को नुकसान पहुँचाना कानूनन अपराध है। नागरिक पारदर्शिता बरतें और नियमों के तहत वैध कनेक्शन ही लें। यदि कोई भविष्य में दोबारा अवैध रूप से पाइप जोड़ता पाया गया, तो भारी जुर्माने के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। एमसीजी का यह कदम शहर में जल वितरण प्रणाली को सुचारू बनाने और राजस्व हानि को रोकने की दिशा में एक बड़ा प्रयास माना जा रहा है।