MCG Action : 40 साल पुराना अवैध कब्जा हटाकर 4000 गज जमीन कराई मुक्त, 1.5 करोड़ से बनेगा मॉडल जोहड़
डेढ़ करोड़ की लागत से होगा जोहड़ का सौंदर्यीकरण; भारी पुलिस बल और 4 जेसीबी की मदद से हटाया गया अतिक्रमण

MCG action : नगर निगम गुरुग्राम ने अवैध कब्जों के खिलाफ अपने अभियान को तेज करते हुए शुक्रवार को सुखराली जोहड़ क्षेत्र में एक बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक की। प्रशासन ने करीब 40 साल पुराने अवैध कब्जे को हटाकर लगभग 4000 गज बेशकीमती सरकारी जमीन को भू-माफियाओं के चंगुल से मुक्त करा लिया है।
ड्यूटी मजिस्ट्रेट यतेन्द्र कुमार की निगरानी में यह तोड़फोड़ की कार्रवाई सुबह शुरू हुई। किसी भी अप्रिय स्थिति या विरोध से निपटने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। कार्रवाई के दौरान 4 जेसीबी मशीनों का इस्तेमाल किया गया, जिसने देखते ही देखते दशकों पुराने अवैध निर्माणों को जमींदोज कर दिया। इस अभियान में जेई अंकित कपूर और पटवारी परवीन सहित निगम की पूरी टीम मुस्तैद रही।
निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने न केवल जमीन खाली कराने के निर्देश दिए, बल्कि इस जोहड़ (तालाब) के पुनरुद्धार और सौंदर्यीकरण के लिए 1.5 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति भी प्रदान कर दी है। इस योजना के तहत एडिशनल कमिश्नर रविन्द्र यादव और एक्सईएन (हॉर्टिकल्चर) संदीप की टीम जोहड़ को एक सुंदर पिकनिक स्पॉट और जल संचयन केंद्र के रूप में विकसित करेगी।
पार्षद अनूप सिंह ने मेयर राजरानी मल्होत्रा और निगमायुक्त प्रदीप दहिया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जमीन लंबे समय से कब्जे में थी, जिससे क्षेत्र का विकास रुका हुआ था। स्थानीय निवासियों ने भी इस कार्रवाई का स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि जोहड़ के सौंदर्यीकरण से न केवल जल स्तर सुधरेगा, बल्कि आसपास के वातावरण में भी सुधार होगा।
निगम अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और आने वाले दिनों में शहर के अन्य हिस्सों में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।