Gurugram में हुआ बड़ा हादसा : सात मजदूरों की दबने से हुई मौत,जांच के आदेश
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। जेसीबी और क्रेन जैसी भारी मशीनों की मदद से घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला गया।

Gurugram : हरियाणा के गुरुग्राम जिले में सोमवार रात एक बड़ा और दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। सिधरावली स्थित सिग्नेचर ग्लोबल (Signature Global) की निर्माणाधीन साइट पर बेसमेंट की खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी का एक बड़ा हिस्सा ढह गया। इस मलबे की चपेट में आने से 7 मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब साइट पर देर रात निर्माण कार्य चल रहा था। मजदूर बेसमेंट के पास गहरे गड्ढे में काम कर रहे थे, तभी ऊपर से गीली मिट्टी और मलबे का पहाड़ उन पर गिर पड़ा। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और अन्य मजदूर मौके पर पहुंचे, लेकिन मिट्टी का वजन इतना अधिक था कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। जेसीबी और क्रेन जैसी भारी मशीनों की मदद से घंटों चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला गया। डॉक्टरों ने सात श्रमिकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायलों का इलाज निजी और सरकारी अस्पतालों में चल रहा है।
प्राथमिक जांच में सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी की बात सामने आ रही है। स्थानीय लोगों और साथी श्रमिकों में इस घटना को लेकर भारी रोष है। उनका आरोप है कि गहरी खुदाई के बावजूद मिट्टी को रोकने के लिए पर्याप्त ‘रिटेनिंग वॉल’ या सपोर्ट नहीं दिया गया था। रात के अंधेरे में बिना पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा गियर के मजदूरों से काम लिया जा रहा था। हादसे के बाद बिल्डर और मैनेजमेंट के रवैये को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
प्रशासन ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। (Gurugram)