LPG Gas : चार गैस एजेंसियो में छापेमारी पर स्टॉक मिला कम, 20% स्टॉक रखना होगा रिजर्व, डेली रिपोर्ट सौंपेंगे एसडीएम

डीसी अजय कुमार ने लघु सचिवालय में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर स्पष्ट किया कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं।

LPG Gas : मिलेनियम सिटी में एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी और जमाखोरी के खिलाफ जिला प्रशासन ने जीरो टॉलरेंस  की नीति अपना ली है। सोमवार को जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक (DFSC) विभाग की टीमों ने शहर के विभिन्न गैस गोदामों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस कार्रवाई में भारी अनियमितताएं मिलने के बाद चार प्रमुख वितरकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने की तैयारी की गई है।

जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक अशोक कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया और हेल्पलाइन पर मिल रही शिकायतों के बाद पालम विहार और दौलताबाद क्षेत्र में जांच की गई। जांच के दौरान गैस वितरक के यहां कई खामियां पाई गईं। कागजों और मौके पर मौजूद सिलेंडरों की संख्या में अंतर मिला। कई वितरकों ने निर्धारित समय से पहले ही गोदाम और दफ्तर बंद कर दिए थे। उपभोक्ताओं के लिए जारी शिकायत नंबर काम नहीं कर रहे थे।

 20% रिजर्व स्टॉक और दैनिक निगरानी के निर्देश

डीसी अजय कुमार ने लघु सचिवालय में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर स्पष्ट किया कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं। अब टीमें प्रतिदिन कम से कम दो गैस वितरकों के गोदामों की औचक जांच करेंगी। आपातकालीन स्थिति के लिए अस्पतालों, हॉस्टलों, खेल अकादमियों और बेटियों की शादी के लिए 20% स्टॉक रिजर्व रखना अनिवार्य होगा।  गुरुग्राम, बादशाहपुर, मानेसर और पटौदी के एसडीएम अपने क्षेत्रों में स्टॉक की दैनिक रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय भेजेंगे।

प्रशासन द्वारा गठित उच्च स्तरीय कमेटी ने तय किया है कि गैस वितरण में अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों के हॉस्टलों और विवाह समारोहों को प्राथमिकता दी जाएगी। इस कमेटी में पुलिस अधीक्षक, सीएमओ और जिला शिक्षा अधिकारी को भी शामिल किया गया है ताकि व्यवस्था सुचारू रहे।

अफवाहों पर न दें ध्यान, ऑनलाइन करें बुकिंग

डीसी ने जिलावासियों से अपील की है कि वे एलपीजी की कमी से जुड़ी किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें। पेट्रोलियम कंपनियों ने व्हाट्सएप, आईवीआरएस और मोबाइल एप के जरिए बुकिंग सेवा बहाल कर दी है। ऑनलाइन बुकिंग करने पर 2 से 3 दिनों के भीतर होम डिलीवरी सुनिश्चित की जा रही है।

मुख्य बिंदुविवरण
कार्रवाई4 गैस वितरकों को नोटिस जारी करने की तैयारी
नया नियम20% एलपीजी स्टॉक हमेशा रिजर्व रखना होगा
निगरानीएसडीएम प्रतिदिन जिला मुख्यालय को भेजेंगे स्टॉक रिपोर्ट
आपूर्तिइस माह 3.27 लाख से अधिक घरेलू सिलेंडर बांटे गए
प्राथमिकताअस्पताल, हॉस्टल और शादियों को मिलेगी प्राथमिकता

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button