गुरुग्राम में ‘Honeytrap’ गिरोह का भंडाफोड़: नंगा कर बनाया वीडियो, पुलिस ने महिला समेत 3 को दबोचा

इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती, रची खौफनाक साजिश; स्कॉर्पियो गाड़ी और नकदी समेत भारी बरामदगी

गुरुग्राम पुलिस ने एक सनसनीखेज ‘Honeytrap’ (हनीट्रैप) मामले को सुलझाते हुए एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों ने एक युवक को साजिश के तहत फंसाकर उसकी नग्न वीडियो बनाई और फिर उसे झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी देकर लाखों रुपये ऐंठ लिए। पुलिस ने इनके कब्जे से ₹1.63 लाख नकद, वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो गाड़ी और 4 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

क्या है पूरा मामला?

पीड़ित युवक, जो सेक्टर-83 की एक लैब में काम करता है, ने पुलिस को बताया कि 25 फरवरी को वह मोहम्मदपुर स्थित एक सोसाइटी में ज्योति नामक महिला का ब्लड सैंपल लेने गया था। वहां महिला ने रिपोर्ट के बहाने उसका नंबर लिया और दोस्ती कर ली। 2 मार्च को जब वह दोबारा सैंपल लेने पहुंचा, तो महिला ने साजिश के तहत दरवाजा खुला छोड़ दिया। तभी दो युवक अंदर घुसे, पीड़ित के साथ मारपीट की और उसे नंगा कर वीडियो बना ली। आरोपियों ने युवक को स्कॉर्पियो में बंधक बनाकर रखा और लगातार ब्लैकमेल करते रहे। वे उससे ₹5 लाख की और मांग कर रहे थे, जिसके बाद पीड़ित ने परेशान होकर सेक्टर-37 थाने में शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जाल बिछाया और 7 मार्च को सती चौक से हरीश यादव उर्फ मोनू (अलवर, राजस्थान) और श्याम सुंदर उर्फ अशोक (महेंद्रगढ़) को गिरफ्तार किया। वहीं, 8 मार्च को मुख्य आरोपी महिला ज्योति को भी पुलिस ने दबोच लिया। तीनों आरोपियों की उम्र महज 24 वर्ष के आसपास है।
Honeytrap Gang

पुलिस प्रवक्ता का बयान

“इन तीनों आरोपियों की मुलाकात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। जल्द पैसा कमाने के लालच में इन्होंने मिलकर इस वारदात की साजिश रची। हमने आरोपियों के कब्जे से फिरौती की रकम और वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद कर लिया है। हम आमजन से अपील करते हैं कि सोशल मीडिया पर अजनबियों से दोस्ती करते समय सतर्क रहें।” — संदीप कुमार, पुलिस प्रवक्ता, गुरुग्राम

पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद माननीय न्यायालय के आदेशानुसार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button