Gurugram: जलभराव से निपटने को युद्धस्तर पर काम जारी, CM सैनी की सीधी निगरानी, प्रशासन की अपील नाले साफ रखें
नालों की सफाई और जल निकासी प्रणाली को सुचारू करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है,CM निगरानी कर रहे हैं

Gurugram News Network – मिलेनियम सिटी गुरुग्राम में बुधवा को हुई भारी बारिश के बाद उपजे जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए हरियाणा सरकार ने तत्काल और प्रभावी कदम उठाए हैं। CM नायब सिंह सैनी खुद स्थिति पर लगातार नज़र रख रहे हैं और उन्होंने अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। प्रशासन का दावा है कि नालों की सफाई और जल निकासी प्रणाली को सुचारू करने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है, जिसके सकारात्मक परिणाम भी दिखने शुरू हो गए हैं।
हरियाणा सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि जलभराव के कारण जनजीवन न्यूनतम प्रभावित हो, यह सुनिश्चित किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने 9 जुलाई की रात हुई 103 एमएम की बारिश के बाद उत्पन्न हुई स्थिति को संभालने के लिए कमर कस ली थी। डीसी अजय कुमार ने बताया कि विभिन्न विभागों की टीमें रात भर सक्रिय रहीं। अगली सुबह, ट्रैफिक कम करने के लिए ‘वर्क फ्रॉम होम’ की एडवाइजरी भी जारी की गई।
जिला प्रशासन की ओर से NH-48 पर नरसिंहपुर के समीप सर्विस लेन से जल निकासी के लिए बनाई गई अस्थाई ड्रेन बेहद कारगर साबित हुई। इस बार रात भर की बारिश के बावजूद दोनों सर्विस लेन में जलभराव नहीं हुआ, जबकि पहले दो-तीन दिन तक पानी भरा रहता था। वहीं, जिले की प्रमुख सड़कों से अगले दिन दोपहर तक पानी निकल चुका था।
नगर निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने बताया कि निगम की टीमें बारिश शुरू होते ही रात के समय ही पंप व मशीनरी के साथ जल निकासी व्यवस्था करने में जुट गईं। स्वच्छता शाखा की टीमें भी अलग-अलग स्थानों पर ड्रेनेज और GT की सफाई सुनिश्चित करते दिखीं। बहरामपुर, साउथ सिटी-2, शीतला माता रोड, लक्ष्मण विहार, सुशांत लोक-3, सेक्टर-48 सहित जलभराव के सभी प्रमुख स्थानों पर टीमों ने सक्रियता दिखाई और पानी निकासी की व्यवस्था में जुटी रहीं।
यातायात पुलिस उपायुक्त डॉ. राजेश कुमार मोहन ने बताया कि यातायात पुलिस पहले से ही बरसात की तैयारी में थी। 72 यातायात पुलिस कर्मचारियों की रात्रि ड्यूटी 23 जगहों पर लगाई गई थी, और अधिक बारिश के कारण 100 से अधिक स्थानों पर रात 10:30 बजे तक और 40 जगहों पर रात 12:30 बजे के बाद तक पुलिस मौजूद रही। सुभाष चौक, हीरो होंडा चौक, राजीव चौक जैसे प्रमुख स्थानों पर रात 2 बजे तक भी पुलिस कर्मी जलभराव में खड़े होकर यातायात का संचालन करते रहे। उन्होंने गिरे हुए 6 पेड़ों को भी सड़कों से हटवाया।
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) के प्रबंध निदेशक अशोक कुमार गर्ग ने नागरिकों की सुरक्षा के लिए हेल्पलाइन नंबर 9050960500 जारी किया है। इस पर टूटे हुए खंभे, तारें या करंट आने जैसी किसी भी खतरे की सूचना दी जा सकती है, जिस पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने कहा कि निगम की टीमें आगामी बरसात तक अलर्ट मोड पर रहेंगी और कंट्रोल रूम सक्रिय रूप से निगरानी करेंगे। उन्होंने गुरुग्राम वासियों से अपील की कि सीवरेज व ड्रेनेज लाइन में कचरा, प्लास्टिक या कोई भी अवांछनीय वस्तु न डालें, क्योंकि इससे जल निकासी बाधित होती है।
उन्होंने मेरा शहर-मेरी जिम्मेदारी की भावना के तहत सभी नागरिकों से सहयोग की अपील की है। हरियाणा सरकार का लक्ष्य गुरुग्राम को जलभराव की समस्या से मुक्त करना और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए मजबूत बुनियादी ढांचा तैयार करना है।