Gurugram के गांवों को मिलेगी नई रफ्तार: 12 फीट की सड़कें अब होंगी 18 फीट चौड़ी, PWD ने शुरू की तैयारी

पहले चरण में पटौदी और फर्रुखनगर के 10 से अधिक गांवों की सड़कों का कायाकल्प किया जाएगा।

Gurugram :  गुरुग्राम जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले हजारों लोगों के लिए लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) बड़ी खुशखबरी लेकर आया है। जिले के दर्जनों गांवों को जोड़ने वाली मुख्य सड़कों के जीर्णोद्धार और चौड़ीकरण की योजना को हरी झंडी मिल गई है। विभाग ने इस परियोजना के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिससे आने वाले महीनों में ग्रामीण परिवहन की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी।

 योजना के अनुसार, वर्तमान में जो सड़कें मात्र 12 फीट चौड़ी हैं और जर्जर हो चुकी हैं, उन्हें बढ़ाकर 18 फीट किया जाएगा। इस चौड़ीकरण से न केवल यातायात सुगम होगा, बल्कि आए दिन होने वाले जाम और सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। पहले चरण में पटौदी और फर्रुखनगर के 10 से अधिक गांवों की सड़कों का कायाकल्प किया जाएगा। इसमें रिठौज-धूमसपुर और उल्लावास से बहरामपुर जैसे महत्वपूर्ण रूट शामिल हैं।

पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के अनुसार, सड़कों की मरम्मत और निर्माण पर प्रति प्रोजेक्ट 30 से 50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। विभाग के कार्यकारी अभियंता चरणदीप राना ने बताया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही अगले माह से निर्माण कार्य जमीन पर दिखने लगेगा। इस मरम्मत कार्य से प्रतिदिन आवाजाही करने वाले लगभग 4000 वाहनों और 40 हजार से अधिक आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।

इस बड़े प्रोजेक्ट को दो चरणों में बांटा गया है। पहले चरण में चालू वित्तीय वर्ष के दौरान चिन्हित सड़कों का विस्तार होगा, जबकि दूसरे चरण में अगले साल तक लगभग 100 किलोमीटर अतिरिक्त ग्रामीण सड़कों की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी। इससे गुरुग्राम के सुदूर इलाकों की शहर से कनेक्टिविटी पहले से कहीं ज्यादा बेहतर हो जाएगी।

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button