Gurugram की सड़कों का होगा कायाकल्प: 50 KM इलाके में बनेंगी आइडियल रोड, 31 मार्च तक बदल जाएगी शहर की सूरत
सड़कों के भौतिक सुधार के साथ-साथ यातायात नियमों का सख्ती से पालन भी सुनिश्चित किया जाएगा। लोगों को जागरूक करने के लिए निरंतर अभियान चलाए जाएंगे

Gurugram : मिलेनियम सिटी की सड़कों को प्रदूषण और जाम से मुक्त करने के लिए प्रशासन ने एक बड़ा मास्टर प्लान तैयार किया है। सोमवार को ट्रैफिक टावर में नगर निगम (MCG) की अतिरिक्त आयुक्त अंकिता चौधरी और डीसीपी ट्रैफिक डॉ. राजेश मोहन की अध्यक्षता में हुई एक अहम बैठक में शहर के 10 मुख्य मार्गों को ‘आइडियल रोड’ के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया।
इस परियोजना के तहत पूर्वी और पश्चिमी गुरुग्राम के 5-5 मुख्य मार्गों का चयन किया गया है, जिनकी कुल लंबाई लगभग 50 किलोमीटर है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) के सुझावों के आधार पर इन सड़कों को 33 मापदंडों पर सुधारा जाएगा। इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट में जीएमडीए, नगर निगम, आरटीओ और पीडब्ल्यूडी जैसे विभाग एक साथ मिलकर काम करेंगे।
आइडियल रोड प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसमें केवल गाड़ियों ही नहीं, बल्कि पैदल यात्रियों और साइकिल चालकों के लिए भी सुरक्षित और अलग ट्रैक चिन्हित किए जाएंगे। सड़कों को सुंदर बनाने के साथ-साथ इन्हें ‘हॉक-फ्री’ (बिना शोर-शराबे वाला) भी बनाया जाएगा।
प्रशासन ने इस कार्य को पूरा करने के लिए सख्त समय सीमा तय की है। अभियान की पहली कड़ी जनवरी से शुरू होगी और 31 मार्च 2026 तक सभी 10 सड़कों का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। सुधार कार्यों में शामिल प्रमुख बिंदु:
सड़कों के गड्ढे भरना और सुचारू रोड मार्किंग।
आधुनिक साइन बोर्ड और स्मार्ट रेड लाइट सिस्टम।
नियमों की निगरानी के लिए चप्पे-चप्पे पर AI कैमरे लगाना।
मीटिंग में मौजूद अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़कों के भौतिक सुधार के साथ-साथ यातायात नियमों का सख्ती से पालन भी सुनिश्चित किया जाएगा। लोगों को जागरूक करने के लिए निरंतर अभियान चलाए जाएंगे ताकि गुरुग्राम की सड़कें न केवल दिखने में सुंदर हों, बल्कि सुरक्षित और जाम मुक्त भी रहें।
बैठक में एसीपी सत्यपाल यादव, एसीपी संजय कुमार, रोड सेफ्टी इंस्पेक्टर सुधीर कुमार और विभिन्न विभागों की तकनीकी टीमें मौजूद रहीं।









