Gurugram News : शहर में 254 जगहों पर सफाई के लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगाई, कितना होगा कारगर ?
254 गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट्स (जीवीपी) की निगरानी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को नियुक्त किया गया है। संयुक्त आयुक्तों, कार्यकारी अभियंताओं, सहायक अभियंताओं और कनिष्ठ अभियंताओं को प्रतिदिन सुबह अपने-अपने क्षेत्रों में इन जीवीपी का निरीक्षण करना होगा।

Gurugram News: Gurugram को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम ने कमर कस ली है। शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से निगमायुक्त प्रदीप दहिया के मार्गदर्शन में एक विशेष और संगठित अभियान शुरू किया गया है। यह पहल न केवल प्रभावी कचरा प्रबंधन सुनिश्चित करेगी, बल्कि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से स्वच्छता को एक जन आंदोलन का रूप देगी। इस पूरे अभियान की निगरानी की जिम्मेदारी अतिरिक्त निगमायुक्त रविन्द्र कुमार को सौंपी गई है, जो इसकी प्रगति और गुणवत्ता की बारीकी से समीक्षा करेंगे।
गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट्स पर अब होगी पैनी नजर
निगमायुक्त प्रदीप दहिया के दिशा-निर्देशों के तहत, शहर में चिन्हित किए गए 254 गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट्स (जीवीपी) की निगरानी के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को नियुक्त किया गया है। संयुक्त आयुक्तों, कार्यकारी अभियंताओं, सहायक अभियंताओं और कनिष्ठ अभियंताओं को प्रतिदिन सुबह अपने-अपने क्षेत्रों में इन जीवीपी का निरीक्षण करना होगा। सफाई सुनिश्चित करने के बाद, उन्हें रोजाना सुबह 11 बजे तक अपनी रिपोर्ट निगम को प्रस्तुत करनी होगी। यह व्यवस्था सुनिश्चित करेगी कि शहर के कोई भी संवेदनशील स्थान गंदगी से अछूते न रहें।
शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए ‘क्विक रिस्पांस टीमें’ तैयार
शहरवासियों की शिकायतों का तुरंत समाधान करने के लिए जोनवार क्विक रिस्पांस टीमें (क्यूआरटी) का गठन किया गया है। ये टीमें कचरा या गंदगी से संबंधित किसी भी शिकायत पर तुरंत कार्रवाई करेंगी, ताकि कोई भी शिकायत अनसुनी न रह जाए और नागरिकों को असुविधा का सामना न करना पड़े।
अवैध डंपिंग पर अब होगी कड़ी कार्रवाई, 24×7 ‘विशेष कार्य बल’ तैनात
नगर निगम ने सार्वजनिक स्थलों, सड़कों के किनारे और ग्रीन बेल्ट में अवैध रूप से कचरा या मलबा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। इसके लिए एक विशेष कार्यबल का गठन किया गया है जो सातों दिन, 24 घंटे निगरानी करेगा। अवैध डंपिंग करते पाए जाने पर संबंधित वाहन को जब्त कर भारी जुर्माना लगाया जाएगा, साथ ही संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। यह कदम अवैध कचरा फेंकने की प्रवृत्ति पर लगाम लगाने के लिए उठाया गया है।
स्वच्छ गुरुग्राम के लिए नागरिकों से सहयोग की अपील
नगर निगम ने इस अभियान में नागरिकों से भी सक्रिय सहयोग की अपील की है। नागरिकों से कहा गया है कि वे अवैध डंपिंग करने वालों की पहचान कर निगम को सूचित करें। ऐसे मामलों की जानकारी फोटो या वीडियो के माध्यम से भेजी जा सकती है, जिसमें वाहन नंबर स्पष्ट रूप से दिखाई दे। इससे निगम को त्वरित कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।
कंस्ट्रक्शन और डेमोलिशन (सीएंडडी) वेस्ट हटाने का काम भी जारी
अभियान के तहत शहर में विभिन्न स्थानों पर पड़े कंस्ट्रक्शन एंड डेमोलिशन (सीएंडडी) वेस्ट को हटाने का कार्य भी जोरों पर है। ऑटो मार्केट बसई रोड और सेक्टर-29 में पड़े मलबे को इंडो एनवायरो इंटीग्रेटेड सर्विस द्वारा एकत्र कर बसई स्थित प्लांट में भेजा जाएगा।
निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा, नगर निगम गुरुग्राम स्वच्छता के प्रति पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है और यह अभियान नागरिकों के सहयोग से एक बड़ी सफलता बनेगा। हम न केवल सफाई व्यवस्था को मजबूत कर रहे हैं, बल्कि अव्यवस्था फैलाने वालों पर सख्ती भी बरतेंगे। मेरा आग्रह है कि सभी नागरिक इस अभियान में सहभागी बनें और एक स्वच्छ, सुंदर व स्वस्थ गुरुग्राम के निर्माण में योगदान दें।
इस महत्वपूर्ण मुहिम में निगमायुक्त प्रदीप दहिया, अतिरिक्त निगमायुक्त रविन्द्र कुमार, संयुक्त आयुक्त डॉ. नरेश कुमार, विशाल कुमार, डॉ. जयवीर यादव, सुमित कुमार सहित सभी अभियंताओं का सक्रिय सहयोग मिल रहा है। सभी अधिकारी फील्ड में रहकर व्यक्तिगत रूप से सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे हैं, जो इस अभियान की गंभीरता को दर्शाता है।