Drunk Driver सावधान! गुरुग्राम पुलिस की ‘बेवड़े’ चालकों पर विशेष नजर: 15 दिनों में धरे 968 शराबी
पुलिस कमिश्नर विकास अरोड़ा के निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस की बड़ी स्ट्राइक; 3 FIR दर्ज, 3 वाहन इंपाउंड और सैकड़ों लाइसेंस होंगे सस्पेंड

Drunk Driver : साइबर सिटी की सड़कों को सुरक्षित बनाने और बेलगाम रफ्तार पर नकेल कसने के लिए गुरुग्राम पुलिस इन दिनों फुल एक्शन मोड में है। शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों (Drink & Drive) के खिलाफ चलाए गए एक विशेष अभियान में पुलिस ने महज 15 दिनों के भीतर आंकड़ों की ऐसी झड़ी लगा दी है, जो किसी भी लापरवाह चालक के होश उड़ाने के लिए काफी है।

968 चालान और भारी कार्रवाई
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 1 मार्च 2026 से 15 मार्च 2026 तक चले इस सघन चेकिंग अभियान में कुल 968 वाहन चालक नशे की हालत में स्टीयरिंग थामे पाए गए। इन सभी के खिलाफ नियमानुसार सख्त चालान काटे गए हैं। कार्रवाई यहीं नहीं रुकी; पुलिस ने 3 वाहनों को मौके पर ही इंपाउंड (जब्त) कर लिया और गंभीर उल्लंघन के मामलों में 3 एफआईआर (FIR) भी दर्ज की गई हैं।
बड़े अधिकारियों की सीधी निगरानी
यह पूरा अभियान पुलिस आयुक्त (IPS) श्री विकास अरोड़ा और पुलिस उपायुक्त यातायात (IPS) डॉ. राजेश मोहन के सीधे मार्गदर्शन में चलाया गया। सहायक पुलिस आयुक्त यातायात (HPS) श्री सत्यपाल यादव की देखरेख में विभिन्न पुलिस टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों को शहर के उन चुनिंदा पॉइंट्स पर तैनात किया गया था, जहाँ रात के समय नशे में ड्राइविंग की घटनाएं अक्सर सामने आती हैं।
3 महीने तक नहीं छू पाएंगे स्टीयरिंग
गुरुग्राम पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि ड्रिंक एंड ड्राइव केवल चालान भरने तक सीमित नहीं है। पकड़े गए सभी 968 चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस 3 महीने के लिए सस्पेंड करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कानून के मुताबिक, सस्पेंशन की इस अवधि के दौरान वह व्यक्ति किसी भी प्रकार का वाहन नहीं चला पाएगा। यदि कोई सस्पेंडेड लाइसेंस के साथ पकड़ा जाता है, तो सजा और भी गंभीर हो सकती है।
पुलिस की अपील: सुरक्षित सफर, सुखद जीवन
ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य राजस्व वसूलना नहीं, बल्कि सड़कों पर होने वाले जानलेवा हादसों को रोकना है। अक्सर देखा गया है कि शराब के नशे में चालक अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल देते हैं।
गुरुग्राम पुलिस की चेतावनी: “यातायात के सभी नियमों का पालन करें। किसी भी प्रकार का नशा करके वाहन न चलाएं। पुलिस की टीमें समय-समय पर अचानक नाके लगाकर चेकिंग करती रहेंगी और यह विशेष अभियान भविष्य में भी इसी तरह जारी रहेगा। आपकी एक गलती आपके पूरे परिवार को भारी पड़ सकती है।”