Gurugram News : महिला कैदियों के लिए कौशल विकास और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर: महिला आयोग

महिला आयोग अध्यक्ष ने जेल के सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का भी दौरा किया और वहां चल रहे कौशल विकास कार्यक्रमों की सराहना की। उन्होंने जेल अधीक्षक को निर्देश दिए कि सभी महिला बंदियों को किसी न किसी व्यावसायिक या तकनीकी क्षेत्र में प्रशिक्षित किया जाए,

Gurugram News : हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने सोमवार को भौंडसी स्थित जिला कारागार का दौरा कर महिला कैदियों के लिए चल रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कौशल विकास और स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जेल का वातावरण ऐसा होना चाहिए, जो महिला बंदियों को मानसिक शांति और सुधार की दिशा में प्रेरित करे।

निरीक्षण की शुरुआत में, रेणु भाटिया ने जेल की रसोई का दौरा किया और भोजन की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने भोजन की स्वच्छता और पोषण मूल्य की जानकारी ली। इसके बाद, उन्होंने महिला बैरकों में जाकर कैदियों से सीधे बात की और उनकी स्वास्थ्य स्थिति और मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

महिला आयोग अध्यक्ष ने जेल के सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का भी दौरा किया और वहां चल रहे कौशल विकास कार्यक्रमों की सराहना की। उन्होंने जेल अधीक्षक को निर्देश दिए कि सभी महिला बंदियों को किसी न किसी व्यावसायिक या तकनीकी क्षेत्र में प्रशिक्षित किया जाए, ताकि वे रिहा होने के बाद आत्मनिर्भर जीवन जी सकें। उन्होंने बच्चों के लिए बने क्रेच का भी निरीक्षण किया और बच्चों को फूड पैकेट दिए।

स्वास्थ्य सुविधाओं के निरीक्षण के दौरान रेणु भाटिया ने चिकित्सा कक्ष का जायजा लिया। उन्होंने सिविल सर्जन, गुरुग्राम को पत्र लिखकर जेल में सप्ताह में कम से कम एक दिन स्त्री रोग विशेषज्ञ की नियमित विजिट सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उनका मानना है कि इससे महिला कैदियों की नियमित जांच और इलाज समय पर हो पाएगा।

उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि कैदियों को आध्यात्मिक गतिविधियों से जोड़ा जाए ताकि वे मानसिक रूप से सशक्त बनें। साथ ही, हाल ही में जेल में आईं महिला बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों और सहायता के बारे में भी जागरूक किया जाना चाहिए।

निरीक्षण के बाद, रेणु भाटिया ने जेल में साफ-सफाई, भोजन और कौशल विकास की व्यवस्थाओं को सराहनीय बताया। इस मौके पर जेल अधीक्षक नरेश कुमार और अन्य अधिकारी मौजूद थे।

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker!