Gurugram News : गुरुग्राम की स्वच्छता पर CM सैनी सख्त, लापरवाही बरतने पर सेनेटरी इंस्पेक्टर पर कार्रवाई के निर्देश

CM ने गांव बहोड़ा कला से आई एक शिकायत पर भी तुरंत संज्ञान लिया, जिसमें बताया गया था कि गाँव में किसी व्यक्ति ने श्मशान घाट के सरकारी रास्ते पर कब्जा कर लिया है

Gurugram News : CM नायब सिंह सैनी ने बुधवार को गुरुग्राम की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की और इसे बेहतर बनाने के लिए निगम पार्षदों से सक्रिय सहयोग मांगा। उन्होंने पार्षदों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए आह्वान किया कि वे निगम अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत करें। CM ने आश्वासन दिया कि राज्य सरकार की ओर से संसाधनों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

गुरुग्राम के लोक निर्माण विश्रामगृह में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए CM ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि कोई अधिकारी जनसमस्याओं के समाधान में कोताही बरतता है, तो पार्षद सीधे उनसे फोन पर संपर्क कर सकते हैं। यह चेतावनी अधिकारियों पर जनसेवा को लेकर तत्परता बरतने का दबाव बनाएगी।

बैठक में कुल 18 परिवाद रखे गए, जिनमें से मुख्यमंत्री ने 15 परिवादों का मौके पर ही निपटारा कर दिया। शेष तीन मामलों को अगली बैठक तक लंबित रखने के निर्देश दिए गए, और संबंधित अधिकारियों से आगामी बैठक में इन पर स्टेटस रिपोर्ट लेकर आने को कहा गया।

CM नायब सिंह सैनी ने अपनी संवेदनशीलता का परिचय देते हुए उन परिवादियों से व्यक्तिगत रूप से फोन पर संपर्क किया, जिनके मामले पहले ही निपटाए जा चुके थे, लेकिन वे बैठक में उपस्थित नहीं हो सके थे। CM ने प्रत्येक परिवादी से समाधान की स्थिति के बारे में जानकारी ली और यह सुनिश्चित किया कि वे सरकार की कार्रवाई से पूरी तरह संतुष्ट हैं। यह पहल जनता के प्रति सरकार की जवाबदेही और मुख्यमंत्री की व्यक्तिगत संवेदनशीलता को दर्शाती है।

जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति के पूर्व सदस्य एडवोकेट रविन्द्र जैन ने सदर बाजार में जैन मंदिर के नजदीक सफाई व्यवस्था की बदहाली का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कूड़े का ढेर नहीं हटाया गया। CM ने निगम कर्मियों की कार्यशैली पर गहरी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित क्षेत्र के सेनेटरी इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को सख्त लहजे में कहा कि वे जनता की समस्याओं के निवारण के लिए अपनी कार्यशैली में बदलाव करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई के लिए तैयार रहें।

CM ने गांव बहोड़ा कला से आई एक शिकायत पर भी तुरंत संज्ञान लिया, जिसमें बताया गया था कि गाँव में किसी व्यक्ति ने श्मशान घाट के सरकारी रास्ते पर कब्जा कर लिया है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी हो रही है। CM ने खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि वे त्वरित रूप से इस मामले में कार्रवाई करें, चिन्हित रास्ते की पैमाइश करवाएं, और यदि सरकारी रास्ते पर कब्जा पाया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाए।

जैकबपुरा से आए एक अन्य शिकायतकर्ता ने अपने वार्ड में सीवर ओवरफ्लो से लगातार हो रहे जलभराव की समस्या बताई, जिस पर नगर निगम में विभिन्न स्तरों पर शिकायत के बावजूद कोई निवारण नहीं हो रहा था। CM ने स्वच्छता से जुड़ी इस गंभीर शिकायत पर संज्ञान लेते हुए निगम आयुक्त को संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने दोहराया कि आमजन की शिकायतों को नजरअंदाज करना किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं किया जाएगा, और अधिकारियों को तत्परता से समाधान प्रदान करने का कार्य करना चाहिए।

 

Manu Mehta

मनु मेहता पिछले लगभग 18 वर्षों से गुरुग्राम की पत्रकारिता में सक्रिय एक अनुभवी और विश्वसनीय पत्रकार हैं। उन्होंने कई बड़े नेशनल न्यूज़ चैनलों (ANI News, News Express, TV 9,… More »
Back to top button