Gurugram News : सीएम फ्लाइंग ने फर्रुखनगर में पकड़ा अवैध डीजल भंडार
सीएम फ्लाइंग टीम और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने फर्रुखनगर में ट्राला पार्किंग के संचालक, ऑटोमोबाइल करियर के प्रतिनिधि सूरज प्रकाश पांडे और कैफ खान, मौके पर किसी भी प्रकार के वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके।

Gurugram News : गुरुग्राम जिले के फर्रुखनगर में वजीरपुर रोड स्थित खैटावास गांव में एक बड़े अवैध डीजल भंडारण का मामला सामने आया है। सीएम फ्लाइंग टीम और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए एक ट्राला पार्किंग में बिना किसी वैध अनुमति के डीजल के अवैध संग्रहण और वितरण का पर्दाफाश किया।
छापेमारी के दौरान टीम को एक टैंकर और एक स्थायी हॉरिजेंटल टैंक मिला, दोनों ही डीजल से भरे हुए थे। जांच टीम ने भंडारण से चार-चार फोरेंसिक सैंपल लिए, जिन्हें आगे की जांच के लिए भेजा गया है। इसके साथ ही, तेल वितरण में इस्तेमाल किए जा रहे दो ऑयल डिस्पेंसर और एक मोटर को भी जब्त किया गया। सभी सैंपल और जब्त सामग्री को सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया है।
सीएम फ्लाइंग टीम और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम के सामने ट्राला पार्किंग के संचालक, ऑटोमोबाइल करियर के प्रतिनिधि सूरज प्रकाश पांडे और कैफ खान, मौके पर किसी भी प्रकार के वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके। इस कार्रवाई में सीएम फ्लाइंग टीम के विजय कुमार, ईश्वर, निरीक्षक राजेश कुमार, सतीश कुमार और दीपक हुड्डा शामिल थे। फर्रुखनगर पुलिस को भी मौके पर बुलाया गया, जिन्होंने आगे की कार्रवाई में सहयोग किया।
प्रशासन ने इस कार्रवाई के बाद चेतावनी दी है कि ईंधन जैसी आवश्यक वस्तुओं की अवैध खरीद-फरोख्त और भंडारण पर कड़ी नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।