Gurugram News: मेट्रो स्टेशन के पास दबंगई, चाय पी रहे प्रॉपर्टी डीलरों को पीटा, गाड़ियों में तोड़फोड़
दबंगों ने पीड़ितों की दो गाड़ियों को घेर लिया और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में गाड़ियों के शीशे टूट गए और उन्हें काफी नुकसान पहुँचा। हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।

Gurugram News : साइबर सिटी के पॉश इलाके सेक्टर-53 में देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब चाय पीने रुके पांच प्रॉपर्टी डीलर दोस्तों पर कुछ बदमाशों ने हमला कर दिया। बदमाशों ने न केवल उनके साथ मारपीट की, बल्कि भागने पर पीछा कर उनकी गाड़ियों को लोहे की रॉड से बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने इस संबंध में सेक्टर-53 थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि 18 मार्च की देर रात करीब 2 बजे वह अपने चार दोस्तों के साथ सेक्टर-53 मेट्रो स्टेशन के पास चाय पीने के लिए रुके थे। इसी दौरान वहां दो युवक अपनी बाइक छोड़कर भाग गए। उनके पीछे एक कार आई, जिसमें सवार युवकों ने दिव्या और उनके दोस्तों से उन बाइक सवारों के बारे में पूछताछ शुरू कर दी।
बातचीत के दौरान कार सवार युवकों ने बिना किसी वजह के दोस्त को थप्पड़ जड़ दिया। जब दोस्तों ने इसका विरोध किया, तो आरोपी गाली-गलौज और मारपीट पर उतारू हो गए। अपनी जान बचाने के लिए जब पीड़ित अपनी गाड़ियों में बैठकर भागने लगे, तो हमलावरों ने उनका पीछा किया।
दबंगों ने पीड़ितों की दो गाड़ियों को घेर लिया और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में गाड़ियों के शीशे टूट गए और उन्हें काफी नुकसान पहुँचा। हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद पीड़ितों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सेक्टर-53 थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।